विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीटिंग रिट्रीट समारोह आज: दिल्ली में कई रास्ते बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Updated: Thu, 29 Jan 2026 07:00 AM (IST)

गणतंत्र दिवस 2026 के समापन पर विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट समारोह आयोजित होगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक व्य ...और पढ़ें

बीटिंग रीट्रीट समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी।

बीटिंग रीट्रीट समारोह को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी।

HighLights

  1. बीटिंग रिट्रीट समारोह के कारण दिल्ली में यातायात प्रतिबंध।

  2. विजय चौक सहित कई प्रमुख मार्ग आज रहेंगे बंद।

  3. बसों के मार्ग बदले, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस समारोह, 2026 के समापन के अवसर पर बीटिंग रिट्रीट समारोह बृहस्पतिवार को विजय चौक पर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन, नार्थ ब्लाक, साउथ ब्लाक और संसद भवन की आकर्षक लाइटिंग देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत यातायात व्यवस्था और प्रतिबंधों की घोषणा की है। ये प्रतिबंध बृहस्पतिवार को दोपहर दो बजे से रात 9:30 बजे तक लागू रहेंगे।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, विजय चौक आम यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इनमें सुनहरी मस्जिद और कृषि भवन के बीच रफी मार्ग, रायसीना रोड (कृषि भवन से विजय चौक की ओर), दारा शिकोह रोड, कृष्णा मेनन मार्ग और सुनहरी मस्जिद से विजय चौक की ओर जाने वाले हिस्से शामिल हैं। साथ ही विजय चौक और ‘सी’ हेक्सागन के बीच कर्तव्यपथ पर भी यातायात की अनुमति नहीं होगी।

आम जनता और वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। ट्रैफिक पुलिस ने रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, मदरसा टी-प्वाइंट, सफदरजंग रोड–कमल अतातुर्क मार्ग, रानी झांसी रोड और मिंटो रोड जैसे मार्ग अपनाने की अपील की है, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।

बस सेवाओं में भी रहेगा बदलाव

बीटिंग रिट्रीट समारोह के दौरान बस सेवाओं में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। डीटीसी और अन्य सिटी बसों को दोपहर दो बजे से रात 9:30 बजे तक उनके सामान्य मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। केंद्रीय सचिवालय और कनाट प्लेस जाने वाली कई बसें पंचशील मार्ग, साइमन बोलिवर मार्ग, वंदे मातरम मार्ग और शंकर रोड के रास्ते चलाई जाएंगी। केंद्रीय सचिवालय जाने वाली बसें उद्यान मार्ग पर समाप्त होंगी, जबकि कनाट प्लेस जाने वाली बसें मंदिर मार्ग, काली बाड़ी मार्ग और बाबा खड़क सिंह मार्ग से होकर चलेंगी।

दक्षिणी दिल्ली, मंडी हाउस, फिरोज शाह रोड, शाहजहां रोड, आश्रम, विकास मार्ग और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, लाल किला व आइएसबीटी कश्मीरी गेट की ओर जाने वाली बसों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, ताकि समारोह स्थल और इंडिया गेट के आसपास यातायात का दबाव कम किया जा सके।

यहां रहेगी पार्किंग की व्यवस्था

वहीं, समारोह के बाद लाइटिंग देखने आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है। शाम सात बजे के बाद रफी मार्ग और ‘सी’ हेक्सागन के बीच विजय चौक पर वाहनों की पार्किंग की अनुमति होगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले यातायात परामर्श का पालन करें, सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए निर्धारित नियमों का सहयोग करें।

यह भी पढ़ें- गणतंत्र दिवस परेड में दिल्ली पुलिस का मार्चिंग दस्ता छाया, अनुशासन और प्रस्तुति से जीता प्रथम पुरस्कार