धर्मकांटों का खेल खत्म! एशिया की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी में बिना रुके ही हो जाएगा गाड़ियों का वजन
राजधानी की आजादपुर मंडी में अब फलों और सब्जियों से भरे वाहनों का वजन बिना रुके हो सकेगा, जिससे टैक्स वसूली में पारदर्शिता आएगी। एपीएमसी दो मुख्य द्वार ...और पढ़ें
-1784397606336_m.webp)
राजधानी की आजादपुर मंडी में अब फलों और सब्जियों से भरे वाहनों का वजन बिना रुके हो सकेगा। इमेज एआई
HighLights
मंडी में लगेंगे दो आधुनिक स्लो मूविंग वेट ब्रिज।
वाहन बिना रुके, धीमी गति से गुजरते हुए हो सकेंगे वजन।
टैक्स आकलन और वसूली प्रक्रिया में आएगी अधिक पारदर्शिता।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। राजधानी के आजादपुर स्थित एनसीआर की सबसे बड़ी फल एवं सब्जी मंडी में आने वाले फल-सब्जियों का वजन अब एपीएमसी (कृषि उपज विपणन समिति) कराएगी। मंडी में आने वाले हर वाहन के वजन के लिए दो मुख्य द्वार पर वजन करने वाली दो आधुनिक स्लाे मूविंग वेट ब्रिज मशीन लगाई जाएंगीं, जो मंडी में प्रवेश व निकास करने वाले व्यवसायिक वाहनों का बिना रुके वजन करेंगी।
फिलहाल मंडी में आने वाले फल-सब्जियाें का वजन आसपास के धर्मकांटों पर होता है। धर्मकांटे की वजन की पर्ची के आधार पर एपीएमसी अपना टैक्स वसूलती है। मंडी प्रशासन के इस निर्णय से टैक्स आकलन व वसूली प्रक्रिकया में और अधिक पारदर्शिता आने की उम्मीद की जा रही है।
किस व्यापारी ने कितनी मात्रा में फल-सब्जी मंगाई हैं, अब मंडी आने वाले हर वाहन का वजन स्वयं एपीएमसी कराएगी। इसके लिए दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड ने मंडी के मुख्य द्वार पर स्लो मूविंग वेट ब्रिज मशीन लगाने का फैसला लिया है। दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड के उपाध्यक्ष की मंजूरी के बाद नई मशीनों की खरीद व इंस्टोलेशन के लिए टेंडर प्रक्रियाधीन है।
दो मशीन लगाई जाएंगी, एक मशीन की कीमत अनुमानित नौ लाख रुपये बताई जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि दोनों द्वार पर मशीन लगाने का काम अगले महीने के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। मशीन लगने के बाद प्रत्येक वाहन का मंडी के मुख्य द्वार पर ही वजन हो जाएगा, वह भी ब्रेक लगाए बिना।
खबरें और भी
केवल रफ्तार धीमी करनी होगी। चलते-चलते वाहन का वजन हो जाएगा। मंडी के प्रवेश द्वार पर हर वाहन का वजन होने की सुविधा से आढ़ती और व्यापारियों को भी लाभ होगा। फल-सब्जियों का वजन अब मंडी परिसर में ही हो पाएगा। अधिकारी ने बताया कि टैक्स चोरी पर भी पूरी तरह से अंकुश लग पाएगा।
वाहन कंपनियों से डाटा मांगा
आजादपुर मंडी एपीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि इस सुविधा को और अधिक सरल बनाने के लिए वाहन निर्माता कंपनियों से अनलोड गाड़ी के वजन का डाटा मांगा है। वाहन के माडल के अनुसार वजन संबंधी डाटा साफ्टवेयर में फीड होने के बाद, अनलोड वाहन का दोबारा वजन कराने की आवश्यकता नहीं रहेगी। अधिकारी ने बताया कि इस योजना पर भी काम चल रहा है।