IND W vs NED W: भारतीय टीम ने जीत के साथ पलटा महिला टी20 वर्ल्ड कप का इतिहास, नीदरलैंड्स को मिली शर्मनाक हार
नीदरलैंड्स के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। इसी के साथ टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया है और अंक तालिका में भी पहले ...और पढ़ें

भारतीय महिला टीम ने नीदरलैंड्स को हराया
HighLights
भारतीय महिला टीम ने नीदरलैंड्स को हराया
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने लगाया अर्धशतक
श्री चरणी ने हासिल किए 4 विकेट
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी के बाद श्री चरणी की फिरकी के जाल में नीदरलैंड्स फंस गया। भारतीय महिला टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में डच टीम को 95 रनों की बड़ी हार थमा दी। मंधाना और शेफाली ने बल्लेबाजी में अर्धशतक लगाया था और टीम इंडिया को 209 रनों के स्कोर पर पहुंचाया था।
नीदरलैंड्स की टीम 114 रनों पर सिमट गई और हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने 95 रनों से जीत हासिल की। श्री चरणी के फिरकी का जवाब डच बल्लेबाजों के पास नहीं था और भारत ने जीत हासिल की। टीम इंडिया की ये महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ी जीत है।
स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की शानदार बल्लेबाजी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार अंदाज में आगाज किया। दोनों ने शुरुआत से ही नीदरलैंड्स के गेंदबाजों पर दबदबा बनाया और आक्रामक बैटिंग की। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। स्मृति और शेफाली दोनों ने ही अर्धशतक लगाया और टीम इंडिया को 200 से अधिक का स्कोर बनाने में मदद की।
स्मृति ने 47 गेंदों पर 74 रनों की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा। शेफाली ने 38 बॉल पर 55 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके निकले। हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सके लेकिन शानदार शुरुआत की वजह से भारत ने 209 रनों का स्कोर बना लिया।
खबरें और भी
नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डच टीम ने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने अपना पहला विकेट 34 रनों के स्कोर पर गंवाया। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों को जैसे ही पहली सफलता मिली, उसके बाद गेंदबाजों ने लगातार विकेट हासिल किए। नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन देखने को मिला। पूरी टीम 114 रनों पर सिमट गई।
श्री चरणी ने गेंद के साथ किया कमाल
भारत के लिए लेफ्ट आर्म स्पिनर श्री चरणी ने कमाल की गेंदबाजी की। उनके सामने नीदरलैंड्स के बल्लेबाज नहीं टिक सके। चरणी ने 4 ओवर में 19 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। उनकी फिरकी की जादू के आगे डच बल्लेबाज संघर्ष करते हुए दिखे और उन्होंने टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
भारत की सबसे बड़ी जीत
चरणी के अलावा शेफाली वर्मा ने भी बल्ले के बाद गेंद के साथ कमाल कर दिखाया। उन्होंने 3.2 ओवर में 20 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। नीदरलैंड्स की टीम 17.3 ओवरों में 114 रनों पर सिमट गई। भारत ने मुकाबले को 95 रनों से अपने नाम कर लिया। भारत की ये महिला टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने श्रीलंका को 82 रनों से हराया था, जो अब तक की सबसे बड़ी जीत थी।