IND A vs AUS A: शेडगे ने तीसरे मैच में बचाई भारत ए की लाज, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज जीतकर टीम इंडिया को किया 'शर्मसार'
इंडिया ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच तीसरा अनौपचारिक वनडे मैच खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने जीत ...और पढ़ें

इंडिया ए वर्सेस ऑस्ट्रेलिया ए

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सूर्यांश शेडगे के अर्धशतक और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ तीसरे अनौपचारिक वनडे मैच में इंडिया ने जीत हासिल की। इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम को पहले दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा था, जहां से कंगारुओं ने सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली थी।
भारत ए की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर नहीं बना सकी थी और 275 रनों पर सिमट गई थी। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने जिस तरह से शुरुआत की थी, उससे लगा कि वे आसानी से मैच को अपने नाम कर लेंगे। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और कंगारुओं को 226 रनों पर समेट कर मैच में भारत को जीत दिलाई।
भारत की शानदार शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज के रूप में आए प्रियांश आर्या और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने अर्धशतकीय साझेदारी की। प्रभसिमरन सिंह ने 39 रनों पर अपना विकेट गंवा दिया। इसी के साथ भारत को पहला झटका 83 रनों के स्कोर पर लगा। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी बड़ा स्कोर नहीं बना सके और दो रन बनाकर आउट हो गए।
प्रियांश आर्या अर्धशतक से चूके
सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन अर्धशतक लगाने से चूक गए। उन्हें बेन ड्वारशुइस ने 49 रनों के स्कोर पर मैदान से बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ (33) ने पिच पर थोड़ा समय बिताया लेकिन उनके आसपास विकेट लगातार गिरते रहे।
सूर्यांश शेडगे ने अकेले लड़ी लड़ाई
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल में डाल दिया। हालांकि, एक तरफ सूर्यांश शेडगे मोर्चा संभाला और कंगारू गेंदबाजों का डटकर सामना किया। शेडगे ने कमाल की बैटिंग करते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने 60 गेंदों पर 7 चौकों और दो छक्कों की मदद से 66 रनों की पारी खेली। उनके अलावा विप्रज निगम ने भी 40 रनों की पारी खेली। हालांकि, इसके बावजूद टीम इंडिया 275 रनों पर सिमट गई। ड्वारशुइस और विल सदरलैंड ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन-तीन विकेट हासिल किए।
ऑस्ट्रेलिया की भी बेहतरीन शुरुआत
भारत ए के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया ए ने भी शानदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज जोश फिलिपे और लियाम स्कॉट ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। फिलिपे (56) को आउट कर विप्रज निगम ने पहली सफलता दिलाई। इसके बाद निशांत सिंधु ने स्कॉट को भी पवेलियन का रास्ता दिखाया।
भारतीय गेंदबाजों ने की जबदस्त वापसी
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शानदार शुरुआत की थी लेकिन फिर टीम इंडिया के गेंदबाजों ने जबरदस्त वापसी की। फिलिपे के अलावा अन्य कोई भी कंगारू बल्लेबाज अर्धशतक के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका और भारत ने मुकाबले को 49 रनों से अपने नाम कर लिया। भारत के लिए गुरजपनीत सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीन विकेट हासिल किए। उनके अलावा यश ठाकुर और निशांत सिंधु को दो-दो सफलता मिली। विप्रज निगम और अनुकूल रॉय को भी एक-एक विकेट मिला।
