विराट कोहली के साथ खेला क्रिकेट, हुआ फेल तो थामा बॉलीवुड का दामन; फिल्मों में जाकर जिया बचपन का सपना
इस अभिनेता ने बचपन में विराट कोहली के साथ क्रिकेट खेला, लेकिन सफल न होने पर उन्होंने बॉलीवुड का रुख ...और पढ़ें

विराट कोहली के साथ खेल चुका है यह एक्टर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अपने देश की क्रिकेट टीम के लिए खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है। हालांकि, यह ऐसा सपना है जो हर कोई पूरा नहीं कर पाता। बहुत कम लोग ही होते हैं जो ये मुकाम हासिल कर पाते हैं। विराट कोहली ने भी यही सपना देखा था और पूरा भी किया, लेकिन उनके साथ खेलने वाला एक शख्स ऐसा नहीं कर पाया, लेकिन फिर भी दुनिया आज उसे पहचानती है, क्रिकेट के कारण नहीं उनकी एक्टिंग के कारण।
हमारी खास सीरीज 'स्पोर्ट्स टू स्क्रीन ' में आज हम उस एक्टर के बारे में बताएंगे जो बचपन में विराट कोहली के साथ खेला, लेकिन क्रिकेट की दुनिया में वो नाम नहीं कमा पाया जो कोहली कमा गए। हालांकि, किस्मत ने इस एक्टर को मौका दिया और उसने फिल्मों में आकर अपने सपने को सालों बाद जिया और ऐसा जिया कि हर किसी की जुबां पर उनका नाम छा गया।
क्रिकेटर से बना एक्टर
इस एक्टर का क्रिकेट को लेकर प्यार अभी भी खत्म नहीं हुआ है और वह आज भी अपने बचपन के दोस्त कोहली से मिलना, टीम इंडिया को खेलते हुए देखना पसंद करते हैं। इस एक्टर का नाम है साकिब सलीम। साकिब की बहन भी बड़ी अभिनेत्री हैं और उनका नाम है हुमा कुरैशी। साकिब बचपन से क्रिकेटर ही बनना चाहते थे और उन्होंने दिल्ली में जूनियर स्तर पर क्रिकेट खेली है।
साकिब ने इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में अपने बचपन के सपने के बारे में बताया था और कहा था कि उनका सपना टीम इंडिया के लिए खेलना था। इंडियन एक्सप्रेस की 15 जून 2016 को छपी रिपोर्ट में साकिब के हवाले से लिखा गया है, "मैं एक क्रिकेट लवर हूं और क्रिकेटर बनना चाहता था। मैं और विराट कोहली जब छोटे थे तब साथ में खेले हैं। हम तब 12 साल के थे। उनमें वो स्पार्क था और हम सभी जानते थे कि वह एक दिन भारत के लिए खेलेंगे। वह तब भी शानदार खिलाड़ी थे।"
वहीं वैराएटी इंडिया को दिए वीडियो इंटरव्यू में साकिब ने बताया था कि उन्होंने एक्टर बनने के बारे में नहीं सोचा था, लेकिन क्रिकेट की दुनिया में वह अपने आप को पीछे भी मानते थे और इसलिए उन्होंने दूसरी राह चुनी। उन्होंने कहा, "मैंने कभी एक एक्टर बनने के लिए तैयारी नहीं की थी। मैं एक क्रिकेटर था। अभी भी चांस मिल जाए क्रिकेट खेलने का तो मैं खेलता हूं। मैंने विराट और ईशांत को सामने प्रैक्टिस करते हुए देखा है। तब मुझे लगा कि वह इस तरह के स्टैंडर्ड की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन अपन थोड़ा पीछे हैं।"
'83' में निभाया अहम किरदार
एक समय के बाद साकिब ने क्रिकेट छोड़ दिया और वह एक्टिंग की दुनिया में आ गए। हालांकि, क्रिकेट को लेकर उनकी दीवानगी और प्यार कम नहीं हुआ था। वह क्रिकेट देखना पसंद करते थे वह विराट कोहली से भी मिलते रहते हैं और भारतीय टीम के मैचों, आईपीएल में कई बार दिखाई दिए हैं। क्रिकेट के बैकग्राउंड और प्यार ने साकिब को उनके जीवन का एक अहम रोल भी दिलाया। कबीर खान जब 1983 की विश्व कप जीत पर फिल्म बना रहे थे तब उन्होंने साकिब को एप्रोच किया और उनको एक बड़ा रोल दिया।
साकिब को इस फिल्म में मोहिंदर अमरनाथ का रोल दिया गया। साकिब के लिए ये मौका अपने सपने को जीने का था जिसे उन्होंने दोनों हाथों से भुनाया। उनका यह किरदार काफी पसंद किया गया और रियल लाइफ के अमरनाथ ने तक उनकी तारीफ कर दी।
