On This Day: 5 साल का सूखा और 78 मैचों का इंतजार, Sachin Tendulkar ने पहली बार वनडे में उठाया था बल्ला
सचिन तेंदुलकर के नाम क्रिकेट जगत के कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं।
-1788924786011_m.webp)
सचिन तेंदुलकर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। 'क्रिकेट के भगवान' सचिन तेंदुलकर के नाम क्रिकेट जगत के कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। पर क्या आप जानते हैं कि जिस 'मास्टर ब्लास्टर' ने अपने वनडे करियर में 49 शतकों का अंबार लगाया, उन्हें अपना पहला वनडे शतक जड़ने के लिए लगभग 5 साल और 78 मुकाबलों का लंबा इंतजार करना पड़ा था?
आज आया पहला शतक
18 दिसंबर 1989 को वनडे डेब्यू करने वाले सचिन ने आज ही के दिन 32 साल पहले, यानी 9 सितंबर 1994 को श्रीलंका के कोलंबो में इतिहास रचा गया था। सिंगर वर्ल्ड सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ सचिन ने यह जादुई आंकड़ा छुआ था। इस शानदार मुकाबले में सचिन ने 130 गेंदों का सामना करते हुए 110 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी, जिसमें 8 शानदार चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। क्रेग मैकडरमॉट ने सचिन को बोल्ड किया था।
ओपनिंग करने आए थे सचिन
- मुकाबले की बात करें तो सचिन तेंदुलकर ने मनोज प्रभाकर के साथ पारी का आगाज किया था।
- इसके बाद उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू और कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ अहम साझेदारियां निभाईं।
- सचिन की इस शतकीय पारी के दम पर टीम इंडिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 246 रनों का स्कोर खड़ा किया।
- लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 215 रन पर सिमट गई और 31 रनों से यह मुकाबला हार गई।
- कंगारू टीम की तरफ से मार्क वॉ ने 61 रनों की संघर्षपूर्ण पारी जरूर खेली।
- वहीं डेविड बून ने 40 रन बनाए, लेकिन वह अपनी टीम को जीत की दहलीज पार नहीं करा सके।
कोलंबो में बनाए 110 रन
कोलंबो में खेली गई 110 रनों की यह पारी सचिन के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। इस पहले शतक से पहले खेले गए 78 वनडे मैचों में सचिन के नाम 32.70 की औसत से 2126 रन थे, जिसमें 17 फिफ्टी शामिल थी।
लेकिन, इस शतक के बाद तो जैसे सचिन ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने इसके बाद वनडे क्रिकेट में 48 और शतक ठोके और 16,300 रन बनाए। इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत भी बढ़कर 47.10 तक पहुंच गया।
🗓️ #OnThisDay in 1994
— BCCI (@BCCI) September 9, 2026
The first of many 🙌
The legendary Sachin Tendulkar scored his Maiden ODI century and the rest is history! 👏👏#TeamIndia | @sachin_rt pic.twitter.com/MoW4HOcemI
पहला टेस्ट शतक
सचिन तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ हुई थी। उस वक्त उनकी उम्र महज 16 साल 205 दिन थी। तब वह इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय थे। हालांकि, इसी साल 4 जुलाई को वैभव सूर्यवंशी ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सचिन का टेस्ट डेब्यू
अपने डेब्यू टेस्ट मैच में सचिन ने 24 गेंदों पर 15 रन बनाए थे। हालांकि, इस दौरे पर उन्होंने दो शानदार अर्धशतक जड़े थे। वहीं, सचिन के बल्ले से पहला टेस्ट शतक 1990 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर (ओल्ड ट्रैफर्ड) में उनके 9वें टेस्ट मैच में निकला था, जहां उन्होंने 189 गेंदों में नाबाद 119 रन बनाए थे।
अपने 24 साल के बेमिसाल और ऐतिहासिक क्रिकेट करियर में मास्टर ब्लास्टर ने कुल 664 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले, जिनमें उनके बल्ले से 34,357 रन निकले। उन्होंने 200 टेस्ट में 15921, 463 वनडे में 18426 और इकलौते टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 10 रन बनाए। इतना ही इंटरनेशनल क्रिकेट में सचिन के नाम 201 विकेट भी हैं।
