Ranji Trophy: जडेजा ने लूटी महफिल, राहुल और जायसवाल फ्लॉप; रणजी ट्रॉफी में भारतीय सितारों का रिपोर्ट कार्ड
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल से लेकर साई सुदर्शन तक बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे। रवींद्र जडेजा ने बल्लेबाज और गेंद से कमाल कर दिखाया।
-1791957036551_m.webp)
रवींद्र जडेजा केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम के 10 से ज्यादा खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी 2026-27 में अपनी-अपनी घरेलू टीम के लिए खेल रहे हैं। मगर कुछ ही खिलाड़ियों ने पहले ग्रुप मैच में शानदार प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल-यशस्वी जायसवाल पूरी तरह फ्लॉप रहे, जबकि रवींद्र जडेजा ने जबरदस्त शतक ठोका।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पहले ही टीम इंडिया के खिलाड़ियों से रणजी ट्रॉफी के लिए उपलब्ध रहने को कहा था। हालांकि, ज्यादातर भारतीय प्लेयर्स की रणजी ट्रॉफी में शुरुआत निराशाजनक रही।
भारत को अगले महीने न्यूजीलैंड में दो टेस्ट खेलने है, जिसकी वजह से राहुल-जायसवाल और जडेजा जैसे स्टार खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए दिख रहे हैं।
भारतीय खिलाड़ियों का पहले मैच में प्रदर्शन
केएल राहुल- भारतीय टीम के उपकप्तान और सलामी बल्लेबाज राहुल का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। कर्नाटक के लिए खेलते हुए दोनों ही पारी में सस्ते में आउट हो गए। एलिट ग्रुप बी के मुकाबले में आंध्र प्रदेश के खिलाफ दोनों पारियों को मिलाकर सिर्फ पांच रन ही बना पाए।
यशस्वी जायसवाल- बाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल मुंबई के लिए खेलते हुए खाता भी नहीं खोल पाए। हालांकि,एलिट ग्रुप डी के मैचमें मुंबई ने चंडीगढ़ को पारी और 155 रनों से हरा दिया।
रवींद्र जडेजा- टीम इंडिया के दिग्गज ऑलराउंडर का प्रदर्शन पहले मुकाबले में शानदार रहा। राजकोट में सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाफ 102 रनों की पारी खेली। इसके अलावा, उन्होंने पहली पारी में तीन विकेट भी झटके।
साई सुदर्शन- भारतीय टीम के नंबर-तीन के बल्लेबाज साई सुदर्शन का राजस्थान के खिलाफ पहला मैच निराशाजनक रहा। एलिट ग्रुप डी मुकाबले की पहली पारी में वो तमिलनाडु के लिए खेलते हुए सिर्फ तीन रन ही बना पाए।
मोहम्मद सिराज- तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की कप्तानी में हैदराबाद ने एलिट ग्रुप बी मुकाबले में त्रिपुरा के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। हालांकि, उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। सिराज पहली पारी में कोई विकेट नहीं ले पाए। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने दो विकेट झटके।
गुरनूर ब्रार- पंजाब के लिए खेलते हुए तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार भी कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने आसाम के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ के मैदान पर 85 रन देकर दो विकेट लिए।
मानव सुथार- बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार तमिलनाडु के खिलाफ पहली पारी में विकेट लेने में असमर्थ रहे। सुथार राजस्थान टीम की मान संभाल रहे हैं। बल्लेबाजी में उन्होंने 17 रन बनाए।
वॉशिंगटन सुंदर- दाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर का प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा। सुंदर ने पहली पारी में तमिलनाडु के लिए दो विकेट लिए। वहीं बल्लेबाजी में उन्होंने नाबाद 26 रन बनाए।
आकाश दीप- तेज गेंदबाज आकाश दीप दिल्ली के खिलाफ एलिट ग्रुप सी मुकाबले में कुछ खास नहीं कर पाए। वो सिर्फ दो विकेट ही ले पाए, जबकि मोहम्मद शमी ने चार विकेट झटके।
सारांश जैन- दाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मध्य प्रदेश के लिए वो बल्लेबाजी में अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके अलावा, गेंदबाजी में भी जम्मू और कश्मीर के खिलाफ कोई सफलता हासिल नहीं कर पाए।
सरफराज खान- श्रीलंका दौरे पर साई सुदर्शन की जगह पर भारतीय टीम में शामिल होने वाले सरफराज खान का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। मुंबई के पहले मैच में वो चंडीगढ़ के खिलाफ सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए।
आकिब नबी- पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज आकिब नबी का प्रदर्शन जम्मू और कश्मीर के लिए कुछ खास नहीं रहा। पहली पारी में उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाफ सिर्फ एक विकेट लिया, जबकि दूसरी पारी में उन्हें दो सफलता मिली।
