IND W vs PAK W: भारत-पाकिस्तान मैच से पहले मिताली राज का टीम इंडिया को गुरुमंत्र, प्रेमा रावत को बताया 'सरप्राइज पैकेज'
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज ने खिलाड़ियों को बाहरी शोर से ज्यादा खेल पर ध्यान देने की बात कही है।

भारतीय टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। महिला एशिया कप में शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज ने खिलाड़ियों को बाहरी शोर से ज्यादा खेल पर ध्यान देने की बात कही है। मिताली ने कहा कि इतने बड़े मैच का दबाव लिए बिना खिलाड़ियों को सिर्फ खेल और अपनी प्रक्रिया पर ध्यान रखना चाहिए।
सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क की ओर से आयोजित विशेष बातचीत में मिताली ने कहा, भारत और पाकिस्तान का मैच को लेकर बाहरी शोर को रोकना संभव नहीं है, इसलिए उसे स्वीकार करना ही बेहतर है। बार-बार खुद को यह बताना कि यह बहुत बड़ा मैच है, मैच शुरू होने से पहले ही दबाव पैदा करता है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों को इस दबाव से हटकर केवल मैदान पर अपने प्रदर्शन के बारे में ध्यान देना चाहिए।
मिताली के अनुसार, पाकिस्तान हो, इंग्लैंड हो या न्यूजीलैंड, अंत में खिलाड़ियों को सामने मौजूद क्रिकेट मैच ही जीतना होता है। टीम को अपनी प्रक्रिया पर ध्यान देना चाहिए, जबकि सीनियर खिलाड़ियों की जिम्मेदारी है कि वे युवा खिलाड़ियों को बड़े मुकाबले के दबाव में आने से बचाएं।
प्रेमा रावत बन सकती हैं सरप्राइज पैकेज
भारत की युवा खिलाड़ियों में मिताली की नजर प्रेमा रावत पर है। उन्होंने कहा कि भारत ए के मुकाबलों में प्रेमा ने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी क्षमता दिखाई है। लेग स्पिनर होने के कारण वह खासकर छोटे प्रारूप में उपयोगी और विकेट लेने वाली गेंदबाज साबित हो सकती हैं।
मिताली के मुताबिक प्रेमा बल्लेबाजी कर सकती हैं, विकेटों के बीच अच्छी दौड़ लगाती हैं और शानदार फील्डर भी हैं। यानी उनके पास एक संपूर्ण क्रिकेटर बनने की सभी खूबियां हैं। अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने के पर्याप्त मौके मिलने चाहिए।
