IPL 2026: हरभजन सिंह से लेकर विराट कोहली और नवीन उल हक की लड़ाई तक, आईपीएल के वो विवाद जिन्होंने हिला दी दुनिया
आईपीएल यूं तो अपने शानदार खेल के लिए जानी जाती है। इस लीग को बेहतरीन क्रिकेट के लिए पहचान मिली है, लेकिन कई बार लीग में ऐसे विवाद हुए हैं जिन्होंने पू ...और पढ़ें

आईपीएल पर पड़ा विवादों का साया
HighLights
2013 स्पॉट फिक्सिंग ने आईपीएल की छवि को गहरा नुकसान पहुँचाया
हरभजन-श्रीसंत का 'स्लैपगेट' कांड लीग के पहले सीजन में हुआ
कोहली के गंभीर, नवीन उल हक से विवाद मैदान पर गरमाए
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का अगला सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है। ये दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है जिसमें दुनियाभर के क्रिकेटर खेलते हैं। इस लीग को मनोरंजन के लिए जाना जाता है, लेकिन कई बार मैदान पर ऐसी घटनाएं हुई हैं जिन्होंने इस लीग पर बदनामी के दाग लगाए। हम आपको आईपीएल इतिहास के पांच बड़े विवादों के बारे में बताएंगे जिनके कारण इस लीग को बदनामी झेलनी पड़ी थी।
इन विवादों के केंद्र में लीग के इतिहास की पहली विजेता राजस्थान रॉयल्स से लेकर पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स और हरभजन सिंह से लेकर विराट कोहली तक रहे। ये मामले आज भी लोगों के जेहन में कहीं न कहीं जिंदा हैं।
आईपीएल इतिहास के पांच बड़े विवाद
2013 स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल
आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा और चर्चित विवाद 2013 में सामने आया। इस साल आईपीएल पर स्पॉट फिक्सिंग का साया पड़ा जिसने लीग की काफी फजीहत कराई। इस मामले में 2008 में खेले गए पहले सीजन की विजेता राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ियों एस. श्रीसंत, अजित चंदीला और अंकित चव्हाण को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप था कि ये खिलाड़ी मैच के दौरान जानबूझकर नौ बॉल डालकर सट्टेबाजों से पैसे लेते थे। इस मामले ने क्रिकेट की साख को बड़ा झटका दिया। बाद में बीसीसीआई ने इन खिलाड़ियों पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था।
इस मामले की जब जांच हुई तो उसमें और हैरान करने वाली जानकारी निकलकर सामने आई। जांच में पता चला कि राजस्थान और चेन्नई सुपर किंग्स की टीमों के कुछ अधिकारियों का भी सट्टेबाजी से संबंध था। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा जिसकी समिति ने दोनों ही फ्रेंचाइजियों को दो साल के लिए सस्पेंड कर दिया। 2016 और 2017 सीजन में ये दोनों टीमें नहीं खेली थीं और इनकी जगह गुजरात लायंस, राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने ली थीं।
खबरें और भी
हरभजन सिंह और श्रीसंत का ‘स्लैपगेट’ कांड
देखा जाए तो इस लीग की शुरुआत ही विवाद से हुई थी। साल 2008 में खेले गए पहले सीजन में 'स्लैपगेट' हुआ था। उस समय मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने मैच के बाद किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। टीवी कैमरों में श्रीसंत को रोते हुए साफ देखा गया था और फिर ये विवाद काफी बढ़ गया था। हरभजन सिंह को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा था और उन्हें पूरे सीजन के लिए बैन कर दिया गया था।
विराट कोहली और गौतम गंभीर की लड़ाई
आईपीएल में खिलाड़ियों के बीच कई बार गर्मागर्मी देखने को मिली है। इसमें विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच हुई लड़ाई सबसे ज्यादा चर्चित लड़ाइयों में रही है। बात साल 2013 की है जब गंभीर कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान थे और विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल रहे थे। दोनों टीमों के मैच के दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हो गई थी। कोहली जब आउट हुए थे तब गंभीर ने उनसे कुछ कहा और फिर कोहली ने भी इसका जवाब दिया जिससे मामला इतना बढ़ गया कि बाकी खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा। बाद में दोनों खिलाड़ियों पर मैच फीस का जुर्माना लगाया गया।
विराट कोहली और नवीन उल हक विवाद
गंभीर के साथ कोहली की लड़ाई तो चर्चा में रहती है। इस खिलाड़ी ने साल 2023 में अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज नवीन उल हक से भी ऐसी लड़ाई की जिसने दुनिया भर को हिला दिया। ये भी आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े विवादों में शामिल है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मैच के दौरान कोहली और लखनऊ के लिए खेल रहे नवीन उल हक के बीच तीखी बहस देखने को मिली। मैच खत्म होने के बाद भी यह विवाद बढ़ गया और दोनों खिलाड़ियों के बीच कहासुनी होती रही। इस विवाद में लखनऊ के अमित मिश्रा भी कूदे और कोहली की उनसे भी बहस हुई।
मैच के बाद जब दोनों टीमें हाथ मिला रही थीं तब कोहली और नवीन के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई थी। हालांकि, बाकी खिलाड़ियों ने इसे शांत कराया। बाद में उस समय लखनऊ के मेंटर की भूमिका निभा रहे गंभीर भी इसमें कूदे और कोहली से भिड़ बैठे।
एमएस धोनी का अंपायर से विवाद
अपने शांत अंदाज के लिए मशहूर एमएस धोनी भी एक बार इस लीग के मैच में अपना आपा खो बैठे थे। ये मामला 2019 का है। चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे धोनी अंपायर के फैसले पर इतने भनक गए थे कि डगआउट में से भागते हुए मैदान पर आ गए थे। मामला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच का है जिसमें अंपायर ने एक नो बॉल दे दी थी और इसे लेकर धोनी काफी गुस्सा थे। वह मैदान पर अंपायर से बहस करने आए गए थे।