विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs WI: वेस्टइंडीज पर बढ़त दोगुनी करने उतरेगा भारत, खराब फॉर्म से जूझ रहे सैमसन की जगह वैभव को मिलेगा मौका?

Published: Thu, 08 Oct 2026 07:49 PM (GMT+05:30)

रांची में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 से पहले भारतीय टीम संजू सैमसन की खराब फॉर्म को लेकर चिंतित है, जहां वैभव सूर्यवंशी को मौका मिल सकता है।

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संजीव रंजन, जागरण, रांची। लखनऊ टी-20 में बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम रांची में वेस्टइंडीज के विरुद्ध होने वाले दूसरे टी-20 से पहले संजू सैमसन की फॉर्म को लेकर थोड़ी चिंतित होगी। वैभव सूर्यवंशी के बेंच पर बैठे रहने के चलते हर विफलता के बाद संजू के सर पर तलवार लटक जाती है और इस मैच में भी टीम मैनेजमेंट शायद वैभव को आजमाने पर विचार कर सकता है।

इस मैच की जीत भारतीय टीम को पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 से आगे कर देगी, लेकिन अगर ये जीत संजू के बल्ले से निकले तो प्रशंसकों की खुशी दोगुनी हो सकती है। संजू ने पिछली चार पारियों में 9,7,2,11 रन बनाए हैं। वह बीती चार पारियों में एक बार भी 30 रन की साझेदारी में शामिल नहीं हो पाए हैं।

श्रेयस अय्यर का शतक

टी-20 कप्तान के रूप में श्रेयस अय्यर ने अच्छे से मध्यक्रम का नेतृत्व किया है, पिछले मैच में आए बेहतरीन शतक के बाद उनके लिए व्यक्तिगत रूप से चीजें बेहतर ही होंगी। इस साल 1000 से ज्यादा टी-20 रन बनाने वाले एकमात्र बल्लेबाज ईशान किशन पर भी निगाहें रहेंगी। झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले ईशान का ये घरेलू मैदान है, हालांकि यहां खेले एकमात्र टी-20 में वह महज चार रन ही बना पाए थे, लेकिन वो साल 2023 था और ये 2026 जहां ईशान किशन ना सिर्फ भारतीय टीम बल्कि पूरी दुनिया के सर्वश्रेष्ठ टी-20 बल्लेबाजों में से एक हैं।

पूरी बल्लेबाजी यूनिट के प्रदर्शन में एकमात्र कमजोर कड़ी संजू ही दिख रहे हैं ऐसे में मैनेजमेंट के मन में वैभव को मौका देने का लालच आ सकता है। हालांकि, मैनेजमेंट संजू को भरपूर समर्थन दे रहा है। एशियाई खेलों में वैभव को पारी शुरू करने की जिम्मेदारी देने के बाद संजू को नंबर तीन पर मौका दिया गया था। ये अलग बात है कि संजू बीते कुछ वक्त से इस समर्थन का कर्ज नहीं चुका पाए हैं। उनके लिए पांच मैच की ये सीरीज काफी अहम है, यहां नाकाम होने का अर्थ है कि वह एक बार फिर टीम से बाहर हो सकते हैं।

संजू सैमसन के फॉर्म को लेकर चिंता

संजू के लिए अच्छी बात ये है कि वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अभी तक मिले मौकों पर आईपीएल जैसा असर नहीं छोड़ पाए हैं। ऐसे में संजू की जगह पर तुरंत खतरा तो नहीं है और वह इस सीरीज के जरिए एक बार फिर से आलोचकों को शांत कर सकते हैं।

संजू से इतर भारतीय टीम इस मैच में अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण में भी सुधार की उम्मीद करेगी। मयंक यादव की पिछले मैच में खूब पिटाई हुई थी, निश्चित तौर पर वह इस मैच में अपने आंकड़े बेहतर करना चाहेंगे। हार्दिक पांड्या की फिटनेस को देखते हुए वनडे सीरीज में नई गेंद से ज्यादा प्रभाव ना डाल पाए नितीश रेड्डी को टी-20 में भी इस भूमिका में परखा जा सकता है। अक्षर और कुलदीप वाला स्पिन आक्रमण अच्छा दिख रहा है, पहले मैच में दोनों ने दो-दो विकेट लेते हुए वेस्टइंडीज को पारी को अच्छा कंट्रोल किया था। नमन धीर ने भी तीन विकेट अपने नाम करते हुए स्पिन डिपार्टमेंट की मजबूती दिखाई थी।

वेस्टइंडीज दिखाना चाहेगी अपनी बैटिंग पावर

वेस्टइंडीज के दृष्टिकोण से देखें तो उनके पास क्रिकेट के इस सबसे छोटे फॉर्मेट के कई महारथी हैं लेकिन इन सबको साथ मिलकर बेहतर करना होगा। जसप्रीत बुमराह के बिना खेल रही भारतीय टीम के विरुद्ध 220 से कम का स्कोर बनाने का अर्थ है कि ये लोग अपने नाम के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। निश्चित तौर पर इस टीम की ताकत बैटिंग ही है और इनकी कोशिश रहेगी कि रांची में भारत को ये ताकत दिखाई जाए।

दोनों टीमों का स्क्वाड

भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन, नमन धीर, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी और मयंक यादव।

वेस्टइंडीजः शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरान हेटमायर, अकील हुसैन, शमार जोसेफ, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमन पॉवेल, शरफेन रदरफोर्ड, क्वेंटिन सैंपसन, रोमारियो शेफर्ड और शमार स्प्रिंगर।

यह भी पढ़ें- IPL 2027 से पहले पंजाब किंग्स को लगा बड़ा झटका, दो कोच ने अचानक छोड़ा टीम का साथ

यह भी पढ़ें- IND vs WI: भारत-वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 मैच का मजा किरकिरा करेगी बारिश; कैसी होगी रांची की पिच?