140 की रफ्तार से बरपाते हैं कहर, 21.50 लाख रुपए ने बदली किस्मत; 'यूपी के जोफ्रा आर्चर' शुभम गौतम की संघर्ष भरी कहानी
बुलंदशहर के तेज गेंदबाज शुभम गौतम यूपी टी20 लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें नोएडा किंग्स ने 21.50 लाख रुपये में खरीदा है।

शुभम गौतम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 क्रिकेट लीग ने नई-नई प्रतिभाओं को बड़े मंच पर चमकने का मौका दिया है। आज भारत में लगभग हर क्रिकेट एसोसिएशन अपनी लीग कराता है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश टी20 लीग भी शामिल है। इस लीग के उभरते हुए तेज गेंदबाज शुभमन गौतम ने अपनी प्रतिभा से सभी को चौंका दिया है। वे बुलंदशहर के नरोरा के रहने वाले हैं। उनकी अद्भुत प्रतिभा को देखते हुए उन्हें नोएडा किंग्स ने यूपी टी20 लीग 2026 के लिए 21.50 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।
शुभमन इसी के साथ लीग के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। उनकी प्रतिभा को सबसे पहले अंकित कुमार राजपूत ने पहचाना था, जो वहां पर क्रिकेट एकैडमी चलाते हैं। राजपूत ने शुभम की जमकर तारीफ की है। इसके अलावा शुभम ने खुद अपनी जर्नी को लेकर बताया है। वे इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को अपना आदर्श मानते हैं। उनका कहना है कि सबसे बड़ा हथियार उनकी रफ्तार है।
शुभम गौतम ने बताई अपनी जर्नी
शुभम गौतम ने अपनी जर्नी पर टाइम्स ऑफ इंडिया से बात की। उन्होंने कहा, "मैंने जिला स्तर पर क्रिकेट खेला लेकिन कभी भी उत्तर प्रदेश के लिए एज ग्रुप क्रिकेट नहीं खेला है। मैं पहले टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलता था लेकिन 2017 में लेदर गेंद के साथ खेलना शुरू कर दिया। मेरे पिता किसान हैं और आजकल खेती करना आसान नहीं है। उन्होंने हमेशा ही मेरे सपनों का साथ दिया और घर में भाई-बहनों में सबसे छोटा होने का मुझे फायदा भी मिला। मैंने कभी नहीं सोचा था कि नीलामी में मुझे कभी भी इतनी बड़ी रकम मिलेगी। जब नीलामी हो रही थी, तो मैं थका हुआ था और सो रहा था। बाद में मुझे इसके बारे में पता चला, जिसके बाद मैं भावुक हो गया था।"
गौतम ने आगे कहा, "जोफ्रा आर्चर वो गेंदबाज हैं, जो मुझे गेंदबाजी के लिए सबसे अधिक प्रेरित करते हैं। मेरी ताकत मेरी रफ्तार है लेकिन मैंने सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना भी सीखा है। यूपी टी20 में मैंने देखा कि अगर आपकी लाइन-लेंथ सही नहीं है, तो बल्लेबाज उसे मैदान के बाहर भेज सकता है। मेरा ध्यान इन मैचों में अच्छा खेलने पर है और मेरा अगला लक्ष्य उत्तर प्रदेश के लिए खेलना है।"
लीग में नहीं दिखा सके कमाल
शुभम यूपी लीग में अब तक अपना कमाल नहीं दिखा सके हैं। टीम कॉम्बिनेशन की वजह से उन्हें कई मैचों की प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया। उन्होंने अब तक सिर्फ चार मैच खेले हैं। शुभम ने इस दौरान लगातार 140+ की गति से गेंदबाजी की है।
