IND vs WI: सेफ स्कोर क्या है? बुरी तरह हारने के बाद श्रेयस अय्यर ने खड़े कर दिए सवाल, बनाने लगे बहाने
भारतीय टीम वेस्टइंडीज से दूसरे टी20 में 249 रन बनाने के बावजूद हार गई, जिसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने टी20 में 'सेफ स्कोर' पर सवाल उठाए।
-1791608568601_m.webp)
भारतीय टीम को मिली हार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 में हार का सामना करना पड़ा है। ये हार पचाने वाली नहीं है क्योंकि भारतीय टीम 249 रनों का विशाल स्कोर करने के बाद अपने ही घर में हार गई। रांची के झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) स्टेडियम में खेले गए मैच में विंडीज ने नौ गेंदें पहले चार विकेट खोकर टारगेट चेज कर लिया। इस मैच के बाद भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टी20 फॉर्मेट पर ही सवाल खड़ा कर दिया है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी की और संजू सैमसन के 41 गेंदों पर 82 रनों की पारी ने मजबूत स्कोर की नींव रख दी। इस पारी में संजू ने नौ चौके और चार छक्के मारे। वहीं श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों पर तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 40 रनों की पारी खेली। तिलक वर्मा ने 18 गेंदों पर 44 रन बनाए। इन तीनों की तूफानी पारियों पर वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप का शतक और शेरफाने रदरफोर्ड का अर्धशतक भारी पड़ा। होप ने 45 गेंदों पर छह चौके और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 102 रनों की पारी खेली। वहीं रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन बनाए।
क्या है सेफ स्कोर?
भारत की टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद कहा कि टी20 में इस समय सेफ स्कोर क्या है इसको लेकर कोई नंबर फिक्स नहीं किया जा सकता। अय्यर से जब सेफ स्कोर को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "आप इसे लेकर कोई नंबर नहीं लगा सकते। जब ओस आती है तो ये बड़ा रोल अदा करती है। आप किसी तरह का कोई नंबर नहीं दे सकते। इस तरह के विकेट पर गलती के मौके बहुत ही कम होते हैं। छोटी सी भी गलती सीधे स्टैंड में जाती है। कुछ कैच छूटे और मौके गंवाए गए, लेकिन ये खेल का हिस्सा है।"
सैमसन और मयंक यादव को सराहा
अय्यर ने इस मैच में संजू सैमसन और मयंक यादव के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की है। सैमसन ने तूफानी अर्धशतक जमाया तो वहीं मयंक ने तीन विकेट अपने नाम किए। अय्यर ने दोनों की तारीफ करते हुए कहा, "दोनों शानदार रहे। संजू और अभिषेक से हम इसी तरह का प्रदर्शन चाहते हैं। उन्होंने अच्छा किया और मयंक ने भी। उन तीन विकेटों ने हमारे लिए चीजें आसान कर दीं।"
