विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कोहली से सीखी पारी को संवारने की कला', RCB के स्‍टार बल्‍लेबाज ने किए कई चौंकाने वाले खुलासे

Published: Fri, 22 May 2026 08:35 PM (GMT+05:30)

आरसीबी के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का कहना है कि अपने पहले आईपीएल सत्र में विराट कोहली के साथ पारी का ...और पढ़ें

देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली।

देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली।

HighLights

  1. पडिक्कल ने 2020 में की थी IPL करियर की शुरुआत

  2. 6 साल से लगातार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्‍सा हैं

  3. आरसीबी 18 अंकों के साथ प्‍वाइंट्स टेबल में टॉप पर

बेंगलुरु, पीटीआई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल का कहना है कि अपने पहले आईपीएल सत्र में विराट कोहली के साथ पारी का आगाज करने से उन्हें पारी को संवारने की कला समझने में मदद मिली।

पडिक्कल ने कहा कि यह सीख टी-20 क्रिकेट में उनके खेलने के अंदाज को आकार दे रही है। पडिक्कल ने 2020 आईपीएल में आरसीबी के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि कोहली को करीब से खेलते हुए देखने से उन्हें अपने करियर की शुरुआत में ही बहुत अहम सीख मिली।

मेरे लिए बहुत मददगार साबित हुआ

जियो स्टार पर एक बातचीत के दौरान पडिक्कल ने कहा कि जब मैंने आरसीबी के साथ अपना आईपीएल पदार्पण किया, तो मुझे लगा कि मैं तैयार हूं। घरेलू क्रिकेट में मेरे स्कोर का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा था। लेकिन, फिर खेल के महानतम खिलाड़ियों से एक विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी करना मेरे लिए बहुत मददगार साबित हुआ। उस उम्र में उन्हें पारी को आगे बढ़ाते हुए देखने से मुझे बहुत ज्यादा स्पष्टता मिली और मैं समझ पाया कि एक अच्छी पारी कैसे खेली जाती है। इससे मेरे खेल में काफी सुधार हुआ।

यह काफी चुनौतीपूर्ण था

कर्नाटक के इस बल्लेबाज ने बताया कि राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ उनके बाद के अनुभवों ने खेल के प्रति उनकी समझ को और भी ज्यादा बढ़ाया जहां उन्होंने अलग-अलग नंबर पर बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा कि सिर्फ सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलने से हटकर, बल्लेबाजी क्रम में नीचे अलग-अलग नंबरों पर बल्लेबाजी करना काफी चुनौतीपूर्ण था और वो भी इतनी कम उम्र में। लेकिन राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ मिले उन अनुभवों ने ही मुझे आज का खिलाड़ी बनाया है।

यह भी पढ़ें- धोनी के गढ़ में कोहली का जलवा! तमिलनाडु के CM विजय निकले विराट के जबरा फैन? ऑटोग्राफ वाला बैट वायरल

यह भी पढ़ें- कोहली के निशाने पर क्रिस गेल का 'विराट' रिकॉर्ड, हैदराबाद के खिलाफ रच सकते हैं इतिहास