Devdutt Padikkal के पहले टेस्ट शतक पर गदगद हुए कोच, बताया कैसे खास तैयारी से मिला बड़ा फायदा
भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने शनिवार को देवदत्त पडिक्कल की जमकर तारीफ की।

देवदत्त पडिक्कल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विशेष संवाददाता, जागरण गाल। भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने शनिवार को देवदत्त पडिक्कल की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि बैकफुट के खेल और शॉट चयन पर काम करने से पडिक्कल को फायदा मिला। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले पडिक्कल ने श्रीलंका के विरुद्ध पहले टेस्ट के शुरुआती दिन अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का शानदार पहला शतक जड़ा।
कोटक ने मौजूदा टेस्ट सीरीज के लिए पडिक्कल की तैयारी के बारे में बात करते हुए प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि मैं उसके लिए बहुत खुश हूं क्योंकि वह सही में अपने मौके का इंतजार कर रहा था। जिस तरह से उसने यहां और अभ्यास मैच में बल्लेबाजी की, यह शानदार है।
बैकफुट गेम पर काम किया
उन्होंने कहा कि तैयारी की बात करें तो पडिक्कल जिस तरह से तैयारी कर रहा था, मैंने उसे बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में देखा है। वह अपने बैकफुट गेम पर काम कर रहा था। जब हमें पिच से टर्न मिलने की उम्मीद होती है, तो हम इस पर काम करते हैं।
कोटक ने कहा कि हमने बैकफुट गेम के अलावा क्रीज से आगे निकलकर शॉट खेलने और स्वीप पर भी काम किया। इसलिए पिछले कुछ वर्षों में उसने जिस तरह खुद को तैयार किया है, उसका काफी श्रेय उसे जाता है। पडिक्कल की बल्लेबाजी में यह बात साफ नजर आई। उन्होंने अधिकतर समय बैकफुट से बल्लेबाजी की और जब जरूरी लगा तो श्रीलंकाई स्पिनरों पर दबाव बनाने के लिए आगे निकलकर शॉट खेले।
3 नंबर के लिए लचीले हैं
बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर आगे निकलकर लांग ऑन के ऊपर से लगाया गया उनका छक्का कोटक की बात को सही साबित करता है। इसी तरह पडिक्कल ने अपनी पारी में स्वीप शॉट से करीब 40 रन बनाए। अब सवाल यह है कि जब तीसरे नंबर पर खेलने वाले नियमित बल्लेबाज साई सुदर्शन पैर की अंगुली की चोट से वापसी करेंगे तो पडिक्कल की इस पारी के बाद टीम में उनकी स्थिति क्या होगी?
कोटक ने कहा कि मुझे लगता है कि देवदत्त ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। साई भी उस नंबर पर बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। लेकिन बात यह है कि वे सभी नई गेंद से बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ी हैं। वे पारी की शुरुआत कर सकते हैं और नंबर तीन पर भी बल्लेबाजी कर सकते हैं, इसलिए हम इस स्थान के लिए काफी लचीले हैं।
उन्होंने कहा कि लेकिन मैं इस बात को देखूंगा कि वे किस तरह बल्लेबाजी करते हैं, परिस्थितियों के अनुसार खुद को कैसे ढालते हैं और मैच के अलग-अलग चरणों से कैसे निपटते हैं। मेरे लिए यह नंबर तीन, चार या पांच से ज्यादा महत्वपूर्ण है।

