Tata Motors Q1 Results: एन चंद्रशेखरन के इस्तीफे के बीच आए टाटा मोटर्स के नतीजे, मुनाफा 83% बढ़कर हुआ ₹2560 करोड़
Tata Motors Q1 Results: टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में ₹2560 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले साल की तुलना में 83.3% अधिक है। ...और पढ़ें

टाटा मोटर्स का शुद्ध लाभ 83.3% बढ़कर ₹2560 करोड़ हुआ।
HighLights
टाटा मोटर्स का शुद्ध लाभ 83.3% बढ़कर ₹2560 करोड़ हुआ।
कंपनी का राजस्व 19% बढ़कर ₹20,667 करोड़ दर्ज किया गया।
कुल थोक बिक्री 26% बढ़ी, घरेलू और निर्यात में उछाल।
नई दिल्ली। Tata Motors Q1 Results: टाटा समूह के कंपनियों को मैनेज करने वाली टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के इस्तीफे के बीच टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल ने तिमाही नतीजे जारी कर दिए हैं। कंपनी के मुनाफे में तगड़ा उछाल आया है। कंपनी ने 12 अगस्त को तिमाही नतीजे जारी करते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में उसे 2560 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ है। यह पिछले साल इसी अवधि में दर्ज 1,397 करोड़ रुपये के प्रॉफिट से 83.3% ज्यादा है।
टाटा मोटर्स ने कहा कि नेट प्रॉफिट में यह बढ़ोतरी टाटा कैपिटल में किए गए निवेश पर 'मार्क-टू-मार्केट गेन' की वजह से हुई है। इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स और फ्रेट (माल ढुलाई) ग्राहकों की मांग से कंपनी को मदद मिली, जिससे कमोडिटी की बढ़ती लागत के असर को कम करने में सहायता मिली।
रेवेन्यू में भी 19 फीसदी का उछाल
टाटा ग्रुप की इस कंपनी ने मार्केट बंद होने के बाद अपने तिमाही नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि ऑपरेशन्स से कंपनी का रेवेन्यू 20,667 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी तिमाही के 17,324 करोड़ रुपये से 19% ज्यादा है।
इस तिमाही में कंपनी का EBITDA 10% बढ़कर 2,300 करोड़ रुपये हो गया, जबकि EBITDA मार्जिन 10.9% रहा। यह पिछले साल कि इसी तिमाही के मुकाबले 90 बेसिस पॉइंट्स कम है। मार्जिन में यह गिरावट कुल खर्चों में साल-दर-साल 13% की बढ़ोतरी की वजह से आई है।
बिक्री में आया उछाल
कंपनी ने FY27 की पहली तिमाही (Q1) में कुल 1,08,700 यूनिट की थोक बिक्री (wholesales) दर्ज की, जो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 26% ज्यादा है। घरेलू बिक्री में 26% और एक्सपोर्ट में 35% की बढ़ोतरी हुई।
टाटा मोटर्स लिमिटेड के MD और CEO गिरीश वाघ ने कहा: "भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति, फ्लीट के अच्छे इस्तेमाल और मुख्य सेक्टर में लगातार बनी हुई मांग के कारण, Q1FY27 में कमर्शियल व्हीकल इंडस्ट्री मजबूत बनी रही। टाटा मोटर्स ने एक शानदार तिमाही का प्रदर्शन किया, जिसमें वॉल्यूम में साल-दर-साल 26% की बढ़ोतरी हुई। यह बढ़ोतरी बेहतरीन पोर्टफोलियो, मार्केट पर खास फोकस और काम को सही ढंग से पूरा करने की वजह से संभव हुई। इन कोशिशों से हमें ग्राहकों की पसंद को मजबूत करने और मार्केट में अपनी स्थिति को और बेहतर बनाने में मदद मिली।"
यह भी पढ़ें- Vedanta ने लंदन की SBI ब्रांच से लिया था 50 करोड़ डॉलर का कर्ज, अब उसी पर आया बड़ा अपडेट; 54% शेयर रखे थे गिरवी
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें [email protected] पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)