त्योहारी सीजन में गोल्ड खरीदने से पहले चेक करें ये 7 चीजें, वरना सस्ते के चक्कर में लग जाएगा बड़ा चूना!
Gold Buying Tips: त्योहारी सीजन में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारी करते समय सावधानी बरतें।

गोल्ड खरीदने से पहले चेक करें ये 7 चीजें
HighLights
BIS हॉलमार्क और HUID नंबर देखकर ही सोना खरीदें।
सोने की शुद्धता कैरेट और लिखे नंबरों से पहचानें।
पक्का बिल लें, मेकिंग चार्ज और GST का ध्यान रखें।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: सोने (Gold) की कीमतों में इन दिनों लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। कभी गोल्ड के दाम तेजी से चढ़ते हैं तो कभी धड़ल्ले से नीचे आ जाते हैं। ऐसे में कई सप्ताह से सोने के दाम तेजी से नीचे आते दिख रहे हैं। जिसके बाद सर्राफा बाजार में खरीदारी की होड़ मच गई है। लोग यह सोचकर धड़ाधड़ सोना खरीद रहे हैं कि अभी सस्ता मिल रहा है, तो यह खरीदारी का बेहतरीन मौका है।
लेकिन जरा ठहरिए! जल्दबाजी में लिया गया आपका फैसला फायदे की जगह आपका बड़ा नुकसान भी करा सकता है। खासकर तब जब उतार-चढ़ाव की मुख्य वजह वेस्ट एशिया और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता जैसे अंतरराष्ट्रीय हालात हों। ऐसे में समझदारी से निवेश और खरीदारी करना बेहद जरूरी है।
अगर आप भी त्योहार के समय पर सोना खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए ये 7 बातें जानना बेहद जरूरी है।
1. बिना हॉलमार्क वाला सोना भूलकर भी ना खरीदें
सोना खरीदते समय BIS हॉलमार्क (BIS Hallmark) देखना सबसे ज्यादा जरूरी है। केवल ज्वेलर की मीठी बातों पर भरोसा न करें। असली सोना की पहचान यह है कि ज्वेलरी पर BIS का logo और 6 अंकों का HUID नंबर जरूर होना चाहिए।
2. कैरेट का गणित
सोने की शुद्धता कैरेट में मापी जाती है और इसका सीधा असर उसकी कीमत पर होता है। हमेशा ज्वेलरी पर लिखे नंबरों पर जरूर ध्यान दें:
- अगर 24 कैरेट सोना है तो उस पर 999 लिखा होता है।
- अगर 22 कैरेट सोना है तो उस पर 916 लिखा होता है।
- अगर 18 कैरेट सोना है तो उस पर 750 लिखा होता है।
- याद रखें जितना ज्यादा कैरेट होगा सोना उतना ही ज्यादा शुद्ध होगा।
3. खुद करें असली-नकली की पहचान
आज के डिजिटल युग में आपको ज्वेलर पर आंख मूंदकर भरोसा करने की जरूरत नहीं है। आप अपने स्मार्टफोन से ही सोने की असली-नकली पहचान कर सकते हैं। इसके लिए BIS Care App का इस्तेमाल करें और उसमें ज्वेलरी का HUID नंबर डालकर उसकी शुद्धता और पूरी जानकारी चेक कर लें।
4. पक्का बिल और इनवॉइस लेना बिल्कुल न भूलें
सोना खरीदते समय ज्वेलर से पक्का बिल लेना कभी न भूलें। ध्यान दें कि आपके बिल में सोने का वजन, कैरेट , HUID नंबर और मेंकिंग चार्ज अलग-अलग स्पष्ट रूप से लिखे हों। आपको यह भी पता होना चाहिए कि सोने पर 3% GST और मेकिंग चार्ज पर 5% GST लगता है।
5. आपके पास है लैब टेस्ट का अधिकार
क्या आपको खरीदे गए सोने की शुद्धता पर जरा भी शक है? तो घबराएं नहीं, आप किसी भी BIS मान्यता प्राप्त लैब में जाकर मात्र 200 रुपये देकर अपने सोने की टेस्टिंग करवा सकते हैं। नियमों के अनुसार, अगर आपका सोना कम शुद्ध निकलता है तो ज्वेलर को आपको मुआवजा देना पड़ता है।
6. पेपर गोल्ड भी है एक शानदार विकल्प
अगर आप सिर्फ निवेश के नजरिए से सोना खरीद रहे हैं और आपको इसे पहनने का कोई शौक नहीं है, तो फिजिकल गोल्ड के बजाय Gold ETF या Gold Mutual Funds में निवेश करना ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है। इसमें न तो चोरी का डर रहता है और न ही शुद्धता को लेकर कोई झंझट।
7. मेकिंग चार्ज के जाल से बचें
ग्राहकों की भीड़ देखकर कई दुकानदार 'मेकिंग चार्ज में भारी छूट' का लालच देते हैं। लेकिन असल में वे सोने की कीमत बढ़ाकर अपना मुनाफा निकाल लेते हैं और ग्राहक का नुकसान हो जाता है। इस लालच में न फंसें। खरीदारी से पहले उस दिन का मार्केट रेट (Gold Rate) जरूर चेक करें।
