'$2 पर आएंगे तेल के दाम'... US-ईरान संघर्ष के बीच किसने किया ये दावा? गैस के दाम भी लुढ़कने की जताई उम्मीद
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका-ईरान तनाव के बीच भविष्यवाणी की है कि ईरान पर अमेरिकी जीत के बाद गैसोलीन की कीमतें $2 प्रति गैलन से नीचे आ जाएंगी।

गैस के दाम भी लुढ़कने की जताई उम्मीद
HighLights
ट्रंप ने ईरान पर अमेरिकी जीत के बाद तेल सस्ता होने का दावा किया।
गैसोलीन की कीमतें $2 प्रति गैलन से भी नीचे आने की भविष्यवाणी।
घरेलू तेल उत्पादन बढ़ाकर कीमतों को तेजी से कम करने पर जोर।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट (Middle east) में अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे भीषण तनाव और कच्चे तेल (Crude oil) की आसमान छूती कीमतों के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बहुत बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने भविष्यवाणी की है कि ईरान पर अमेरिका की निर्णायक जीत के बाद, अमेरिका में गैसोलीन (पेट्रोल) की कीमतें गिरकर $2 प्रति गैलन से भी नीचे आ जाएंगी।
रिपोर्ट्स की मानें तो ट्रंप की यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हमलों के कारण ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच रहा है और अमेरिका में ईंधन की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर हैं।
आखिर क्यों आया ये बयान?
ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि ईरान के साथ चल रहे मौजूदा सैन्य और कूटनीतिक टकराव में अमेरिका की जीत तय है। उन्होंने कहा कि एक बार जब अमेरिका इस खतरे को खत्म कर देगा और मिडिल ईस्ट में स्थिरता वापस आएगी, तो वैश्विक ऊर्जा बाजार से युद्ध का प्रीमियम हट जाएगा।
वर्तमान में अमेरिका में रिफाइंड तेल और डीजल की कीमतें ऐतिहासिक ऊंचाई पर हैं। ट्रंप ने जनता से वादा किया है कि उनकी ऊर्जा नीतियों और इस भू-राजनीतिक जीत के बाद, आम अमेरिकियों के लिए पेट्रोल की कीमत 2 डॉलर प्रति गैलन से भी कम हो जाएगी।
ट्रंप ने अपनी चिर-परिचित 'ड्रिल, बेबी, ड्रिल' (Drill, baby, drill) नीति पर जोर देते हुए कहा कि अमेरिका को विदेशी तेल पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि घरेलू तेल उत्पादन को बढ़ाकर कीमतों को बहुत तेजी से नीचे लाया जा सकता है।
इस बयान के क्या हैं मायने?
जब कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर की ओर भाग रही हों, तब 2 डॉलर प्रति गैलन गैस की बात करना बाजार और निवेशकों के लिए एक बहुत ही आक्रामक (Aggressive) लक्ष्य है। ट्रंप का मानना है कि ईरान पर सख्त प्रतिबंधों और अमेरिकी तेल की सप्लाई की बाढ़ ला देने से यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
आपको क्या होगा फायदा?
अमेरिका में इस वक्त महंगाई और ईंधन की कीमतें सबसे बड़ा चुनावी और सामाजिक मुद्दा हैं। तेल सस्ता होने का सीधा मतलब है कि लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन और रोजमर्रा के सामानों की कीमतें घटेंगी, जिससे आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
