बैंक हड़ताल से पहले सरकार ने उठाया बड़ा कदम, Bank कर्मचारियों की PLI योजना टली; वित्त मंत्री से हुई मुलाकात
सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों की परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को टाल दिया ...और पढ़ें

बैंक कर्मचारियों की PLI योजना टली सरकार ने हड़ताल से पहले लिया बड़ा फैसला (AI फोटो)
HighLights
सरकार ने बैंक कर्मचारियों की PLI योजना स्थगित की।
कर्मचारियों की मौजूदा ढांचे की समीक्षा की मांग थी।
यह फैसला बैंक हड़ताल के आह्वान से पहले आया।
नई दिल्ली। सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए पब्लिक सेक्टर बैंक के कर्मचारियों की परफॉर्मेंस-लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम को लागू करने का काम कुछ समय के लिए टाल दिया है। यह कदम बैंक कर्मचारियों की ओर से मौजूदा फ्रेमवर्क की समीक्षा करने की मांग के बाद उठाया गया है।
सोमवार को जारी एक बयान में वित्त मंत्रालय ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय मजदूर संघ (BMS) के नेतृत्व में अलग-अलग पब्लिक सेक्टर बैंकों के कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने बैंकों और कर्मचारियों से जुड़े कई मुद्दे उठाए। मंत्रालय ने बताया कि अन्य मांगों के अलावा, प्रतिनिधिमंडल ने अनुग्रह राशि (ex-gratia payment), रिटायर हो चुके कर्मचारियों के लिए मेडिकल सुविधा और PSB कर्मचारियों पर लागू मौजूदा PLI ढांचे में बदलाव की मांग की।
यह फैसला विभिन्न मांगों को लेकर देशव्यापी बैंक हड़ताल के (Bank Strike Update) आह्वान से पहले आया है। हड़ताल में पीएलआई योजना का मुद्दा भी शामिल है। बयान के अनुसार, कर्मचारी संगठनों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए 19 नवंबर, 2024 को जारी पीएलआई योजना को 2025-26 के लिए लागू करने का फैसला फिलहाल स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है। सरकार ने कहा कि इस मामले को चल रही द्विपक्षीय समझौता/संयुक्त नोट संबंधी वार्ता के दौरान उठाया जाएगा।
सरकार ने बैंक कर्मचारियों, ग्राहकों और बैंक क्षेत्र के व्यापक हित में बातचीत, विचार-विमर्श और आपसी समझ के जरिये मुद्दों के समाधान की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उल्लेखनीय है कि बैंक श्रमिक संगठनों का संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने पिछले महीने 11 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल पर जाने का फैसला किया था। श्रमिक संगठनों की प्रमुख मांगों में पांच-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना में बदलाव और पेंशन से संबंधित लंबित मुद्दों का समाधान शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- JP Associates के बाद अदाणी के हाथ लगी एक और बड़ी कंपनी, मिलेगा 330 MW का विशालकाय हाइड्रो पावर प्लांट
बैंक से जुड़े श्रमिक संगठनों ने खासकर स्केल-4 और उससे ऊपर के बैंक अधिकारियों के लिए सरकार की पीएलआई योजना पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि यह भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के साथ हुई समझ के अनुरूप नहीं है। उस समझ के तहत प्रदर्शन से जुड़ा प्रोत्साहन संबंधित बैंक के समग्र प्रदर्शन से जुड़ा होना था और स्केल-7 तक के कर्मचारियों तथा अधिकारियों के लिए एक समान होना था। सरकार की योजना के तहत स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों को व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम 365 दिन तक के मूल वेतन के बराबर पीएलआई मिल सकता है। वहीं, कर्मचारियों और स्केल-तीन तक के अधिकारियों के लिए अधिकतम पीएलआई 15 दिन के मूल वेतन और महंगाई भत्ते के बराबर होगा।
