सीतामढ़ी में आंधी-पानी का कहर, पेड़ गिरने और भूसा घर ढहने से 2 की मौत
परिहार में तेज आंधी-पानी ने भारी तबाही मचाई, जिसमें पेड़ और भूसा घर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1779558004485_m.webp)
महिला की मौत के बाद घटनास्थल पर जुटे लोग। (जागरण)
HighLights
परिहार में तेज आंधी-पानी ने मचाई भीषण तबाही।
पेड़ और भूसा घर गिरने से दो लोगों की मौत।
बिजली आपूर्ति बाधित, फसलें बर्बाद, आवागमन प्रभावित।
संवाद सहयोगी, परिहार(सीतामढ़ी)। प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को दोपहर बाद आई तेज आंधी पानी ने भीषण तबाही मचाई। इसकी पेड़ गिरने तथा भूसा घर गिरने से दबकर दो लोगों की मौत हो गई।
मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के सहजौली गांव निवासी रासबिहारी राय के 20 वर्षीय पुत्र जयशंकर कुमार एवं सुराहियां रहमानिया टोला निवासी मुसमात सकीना खातून (60 ) के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है। सीओ ज्योति सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजा गया है।
मिलेगी सरकारी सहायता
पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार, जयशंकर शौच के लिए सरेह की ओर गया था। इसी दौरान आंधी- पानी शुरू हो गया। बचने के लिए वह घर की ओर भागा।
भागने के क्रम में एक विशालकाय पेड़ उसके ऊपर आ गिरा। जिसमें दबने से उसकी मौत हो गई। उधर, सकीना खातून भूसा घर से पशु चारा लेने गई थी। तेज आंधी के कारण भूसा घर गिर गया। जिसमें दबने से उसकी मौत हो गई।
आंधी पानी से क्षेत्र में व्यापक क्षति की सूचना है। कहीं पेड़ उखड़ के धाराशाई हो गए तो कहीं बिजली का पोल गिर पड़ा। तेज हवा के साथ कई छप्पर उड़ गए। बिजली के पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
वहीं, परिहार बेला पथ में बेतहा मोड़ के समीप पीपल का बड़ा पेड़ सड़क पर गिर जाने से आवागमन बाधित हो गया। तेज आंधी पानी के कारण आम एवं सब्जी के फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि आंधी पानी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत अवश्य मिली है।