सारण: बकाया 50 हजार रुपये के लिए 33 हजार वोल्ट बिजली टावर पर चढ़ी महिला, पुलिस ने बचाया
एक महिला बकाया 50 हजार रुपये वापस न मिलने से क्षुब्ध होकर बनियापुर में 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गई। पुलिस के हस्तक्षेप और रिश्तेदार द्वारा प ...और पढ़ें

बकाया 50 हजार रुपये के लिए 33 हजार वोल्ट बिजली टावर पर चढ़ी महिला (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, बनियापुर (सारण)। एक रिश्तेदार को दिए 50 हजार रुपये वापस नहीं मिलने से क्षुब्ध होकर एक महिला बुधवार को 33 हजार वोल्ट विद्युत लाइन के टावर पर चढ़ गई। थाना क्षेत्र में बनियापुर मेला के समीप से गुजरने वाले 33 हजार वोल्ट विद्युत लाइन के टावर पर महिला के चढ़ जाने की खबर से पुलिस प्रशासन में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ऊंचे बिजली टावर पर महिला को देखकर लोगों की सांसें थम गईं।
महिला की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के मंगोलापुर गांव निवासी रेणु देवी के रूप में की गई है। महिला का आरोप था कि उसके एक रिश्तेदार सिवान जिला के पचरुखी थाना क्षेत्र के मझवलिया गांव निवासी धनंजय कुमार की मां कमलावती देवी ने उससे करीब पचास हजार रुपये उधार लिए थे, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी राशि वापस नहीं की जा रही थी।
इसको लेकर वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी रुपया को वापस लेने के लिए पीड़ित महिला दिल्ली से अपने घर आई।
घटना की सूचना मिलने पर बनियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस बल के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
नीचे उतरने के बाद महिला ने बताया कि उसने रुपये की वसूली को लेकर जलालपुर थाना में कांड संख्या 191/26 दर्ज कराई थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी से क्षुब्ध होकर उसने यह कदम उठाया था।
वहीं महिला के टावर पर चढ़ने की सूचना जैसे ही उसके रिश्तेदार को मिली, उसने तत्काल 50 हजार रुपये महिला के बैंक खाते में भेज दिए। इसके बाद महिला नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।