समस्तीपुर में हथियार बनाने की अवैध फैक्ट्री, 20 हजार में रखे गए थे कारीगर; सरगना की तलाश में जुटी पुलिस
समस्तीपुर में अवैध पिस्टल फैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद पुलिस की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। डीह सरसौना के बबलू को मुख्य सरगना बताया जा रहा ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। अवैध पिस्टल की फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने बाद में पुलिस की तफ्तीश में कई तरह के चौंकाने वाले तथ्य सामने आए है। पुलिस की मानें तो इस पूरे प्रकरण में मुख्य भूमिका डीह सरसौना के बबलू की रही।
उसने ही इस अवैध धंधे की पूरी योजना बनाई और उसके उपर काम शुरू किया। उसने सुल्तानगंज के राजेश को कारीगर के रूप में अपने साथ जोड़ा। बदले में उसे बीस हजार रूपये प्रति माह देता था। वहीं, उसने गांव के दीपक को भी उसके साथ जोड़ा। तीनों मिलकर उक्त अवैध हथियार का निर्माण का काम शुरू किए।
प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि यह गोरखधंधा गत 15 दिनों से जारी था। हालांकि, छापेमारी के दौरान बरामद सामानों से यह सही नहीं प्रतीत हो रहा। पुलिस को शंका है कि यह गत कुछ महीनों से लगातार चल रहा था। फिलहाल, इसकी पूरी जांच पड़ताल की जा रही है।
बताया गया कि बबलू की गिरफ्तारी के बाद में सभी तथ्यों का राजफाश होगा कि यह पूरा नेटवर्क कैसे काम करता है। पुलिस की गिरफ्त में आए कारीगर राजेश का अवैध हथियार बनाने से गहरा नाता रहा है।
वह वर्ष 2019 में भी अपने ही थाना क्षेत्र में अवैध हथियार का निर्माण करते हुए पकड़ा गया था। उक्त मामले में वह जेल भी गया था। जेल से निकलने बाद में वह कैसे बबलू तक पहुंचा पुलिस इसकी भी गहराई से जांच कर रही है।
खबरें और भी
रविवार को हुआ था भंडाफोड़
बता दें कि रविवार की रात बंगरा थाना क्षेत्र के डीह सरसौना गांव में अवैध रूप से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इसमें दो की गिरफ्तारी भी हुई है। देसी पिस्टल, अर्द्ध निर्मित हथियार, मैगजीन, जिंदा गोली और हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद की गई।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गांव के पवन कुमार सिंह के पुत्र दीपक कुमार और भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना के स्व. हरिचरण चौधरी के पुत्र राजेश चौधरी के रूप में हुई थी।
पुलिसिया पूछताछ में पता चला है कि निर्मित हथियारों की आपूर्ति समस्तीपुर और इसके आसपास के इलाकों में की जाती थी। तैयार पिस्टल को 30 से 35 हजार रुपये में बेचा जाता था।
मुख्य आरोपी की खोजबीन जारी
पुलिस को मुख्य आरोपी बबलू की खोजबीन में जुटी है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। एसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का भी गठन किया है। उसकी गतिविधियों पर टीम पैनी नजर बनाए हुए है।
पुलिस की मानें तो उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस को कई और भी अहम जानकारी हाथ आएंगी। पुलिस की पूरी कोशिश है कि इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाला जाए, ताकि उन चेहरों से भी पर्दा हट सके, जो अब तक बेनकाब नहीं हुए है।
थानाध्यक्ष पंचम कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा। उसकी गिरफ्तारी से आगे और भी राज खुलेंगे।
यह भी पढ़ें- बिना जांच के आवेदन रिजेक्ट, दलालों के जरिए मिलता है नया कनेक्शन; मुजफ्फरपुर में खुली बिजली विभाग की पोल
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में अवैध एलपीजी रिफिलिंग रैकेट का खुलासा, नेपाल कनेक्शन होने की आशंका