पीएम सूर्य घर योजना में ढिलाई बरतने वाले वेंडर्स पर गिरेगी गाज, बिहार में ऊर्जा सचिव ने दी चेतावनी
ऊर्जा सचिव अजय यादव की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
ऊर्जा सचिव अजय यादव ने की योजना की समीक्षा।
लापरवाही करने वाले वेंडर्स पर होगी सख्त कार्रवाई।
गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश।
राज्य ब्यूराे, पटना। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को ऊर्जा विभाग के सचिव-सह-अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड, अजय यादव की अध्यक्षता में वेंडर्स के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की गई।
यह चेतावनी दी गयी कि लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं करने वाले या कार्य में अनावश्यक विलंब करने वाले वेंडर्स के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कहा गया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। एजेंसियों की नियमित मानीटरिंग की जाएगी।
बैठक में योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता, स्थापना की गति, निर्धारित समयसीमा के अनुपालन तथा कार्यान्वयन के दौरान आने वाली चुनौतियों की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न जिलों में चल रहे कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
समयसीमा के भीतर हो काम
समीक्षा के दौरान ऊर्जा सचिव अजय यादव ने सभी संबंधित वेंडर्स को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक स्थापना कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो तथा तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां बेहतर समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाएं ताकि योजना का लाभ समय पर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार व साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरव जोरवाल सहित विभाग एवं बिजली कंपनियों के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- पीएम सूर्यघर योजना: भागलपुर में कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को जल्द मिलेंगे निशुल्क सोलर सिस्टम, DM ने की समीक्षा