पीएम सूर्यघर योजना: भागलपुर में कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को जल्द मिलेंगे निशुल्क सोलर सिस्टम, DM ने की समीक्षा
भागलपुर में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों पर मुफ्त सोलर सिस्टम लगाने की तैयारी अंतिम चरण में है। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)
HighLights
मुफ्त सोलर सिस्टम लगाने की तैयारी अंतिम चरण में है।
जिलाधिकारी ने गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैंकों को पात्र आवेदकों के ऋण शीघ्र स्वीकृत करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत जिले के कुटीर ज्योति (केजे) उपभोक्ताओं के घरों पर निशुल्क सोलर सिस्टम लगाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
शुक्रवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योजना की प्रगति, कार्ययोजना और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी चयनित एजेंसी सेन एंड पंडित को सौंपी गई है। सोलर सिस्टम लगाने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध होने में अभी तीन से चार दिन और लगेंगे।
सामग्री मिलते ही जिलेभर में सोलर सिस्टम स्थापित करने का कार्य तेज गति से शुरू कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि सभी सोलर सिस्टम निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि स्थापना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को भविष्य में किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
कई आवेदन अस्वीकृत
बैठक में एपीएल उपभोक्ताओं के लिए भुगतान आधारित सोलर सिस्टम स्थापना की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि बैंक ऋण स्वीकृति में तकनीकी कारणों से कई आवेदन अस्वीकृत हो रहे हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों को बिहार सरकार के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए पात्र आवेदकों के ऋण मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराना है।
इसके लिए सभी संबंधित विभाग और बैंक समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- पीएम सूर्यघर योजना से बिजली बिल में मिलेगी बड़ी राहत, 7% ब्याज पर मिलेगा ₹2 लाख का लोन