बिहार में पकड़ी गई एक और 'नेहा', ₹2000 के लिए बनी शराब तस्कर; इंदौर एक्सप्रेस से BA की छात्रा अरेस्ट
कोतवाली पुलिस ने इंदौर एक्सप्रेस से शराब की बड़ी खेप के साथ एक बीए छात्रा और उसके साथी को पटना ...और पढ़ें

दो हजार के लालच में शराब तस्कर बनी बीए छात्रा इंदौर एक्सप्रेस से गिरफ्तार (AI Generated Image)
HighLights
इंदौर एक्सप्रेस से शराब के साथ छात्रा गिरफ्तार।
बीए की छात्रा ने कबूला शराब तस्करी का जुर्म।
पुलिस कर रही अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच।
जागरण संवाददाता, पटना। बीते दिनों समस्तीपुर जंक्शन पर नेहा झा नाम की लड़की को शराब तस्करी करते दबोचा गया। अब इसी तरह का मामला पटना जंक्शन से सामने आया है।
कोतवाली थाने की पुलिस ने इंदौर एक्सप्रेस (Indore Express) से शराब की बड़ी खेप लेकर पहुंची एक युवती और उसके साथी युवक को धर दबोचा।
पकड़ी गई युवती दानापुर की रहने वाली है और वह बीए की छात्रा होने के साथ-साथ बिहार पुलिस में भर्ती की तैयारी भी कर रही है।
रेलवे स्टेशन पर सिविल ड्रेस में तैनात पुलिसकर्मियों को जब युवती की गतिविधियों पर संदेह हुआ, तो उन्होंने उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखते ही युवती भागने लगी, लेकिन जवानों ने उसे एक अन्य युवक के साथ मौके पर ही पकड़ लिया।
भारी मात्रा में शराब बरामद
तलाशी लेने पर उनके पर्स और बैग से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पूछताछ में युवती ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह बनारस से इंदौर एक्सप्रेस के जरिए शराब की यह खेप पटना लाई थी।
2 हजार रुपये का दिया लालच
उसे करीब 14 हजार रुपये मूल्य की शराब पहुंचाने के बदले महज दो हजार रुपये देने का वादा किया गया था। पैसों के लालच में आकर वह इस अवैध धंधे में शामिल हो गई। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर बरामद शराब को जब्त कर लिया है।
पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि बनारस में शराब आपूर्ति करने वाला मुख्य सरगना कौन है और पटना में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। पुलिस इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों को चिह्नित कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
