पटना के नेहरू पथ पर मेट्रो निर्माण को लेकर ट्रैफिक में बड़ा बदलाव, अगस्त से लागू होगा नया रूट प्लान
पटना में नेहरू पथ पर मेट्रो निर्माण के कारण यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी पूरी हो गई है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
नेहरू पथ पर मेट्रो निर्माण हेतु यातायात योजना तैयार।
निजी वाहनों के लिए दो लेन, व्यावसायिक वाहनों का रूट डायवर्ट।
अगस्त से लागू होगी नई व्यवस्था, मंजूरी का इंतजार।
जागरण संवाददाता, पटना। नेहरू पथ आयकर गोलंबर के पास, विकास भवन और चिड़ियाघर गेट नंबर-1 के पास मेट्रो स्टेशन के निर्माण को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी पूरी कर ली गई है।
इसमें मेट्रो निर्माण में उपयोग हो रहे हिस्से को छोड़कर बचे हुए मार्ग पर ही दो लेन बनाने की योजना है। जिस पर निजी वाहनों का परिचलान जारी रहेगा।
इसको लेकर यातायात एसपी सागर कुमार की अध्यक्षता में कंस्ट्रक्शन कंपनी, आटो यूनियन, बीएसआरटीसी के प्रतिनिधि तथा गांधी मैदान और कोतवाली ट्रैफिक ओपी प्रभारी के साथ बैठक हुई।
विचार-विमर्श के बाद प्लान को अंतिम रूप दिया गया, जिसे वरीय अधिकारियों की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद अगस्त में नई व्यवस्था लागू कर दिया जाएगा।
मेट्रो निर्माण में उपयोग हो रहे हिस्से को छोड़कर बचे हुए मार्ग पर दो लेन से आयकर गोलंबर से सगुना मोड़ और सगुना मोड़ से आयकर गोलंबर तक निजी वाहनों का परिचालन जारी रखेगा। जबकि कमर्शियल वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया जाएगा।
जो वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लाक गोलंबर तथा मंदिरी नाला रोड से बांसघाट और पटना-दीघा मार्ग और इसी तरह सगुना मोड़ से आने वाले वाहन दीघा-आशियाना रोड के रास्ते जा सकेंगे।
कमर्शियल वाहनों को डुमरा चौकी से एयरपोर्ट की ओर मोड़ने की योजना है, वहां से पटेल गोलंबर, विधानसभा, अटल पथ, आर ब्लाक होते हुए मल्टी माडल हब तक जा सकेंगे। फिलहाल अभी इस योजना को मंजूरी का इंतजार है। रूट डायवर्जन के समय यातायात पुलिस की भी तैनाती होगी।