'फंड की कमी से नहीं रुकेगा काम, स्पीड करो दोगुनी', पटना मेट्रो को लेकर मुख्य सचिव की दो टूक
मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने पटना मेट्रो निर्माण की समीक्षा की, वित्तीय बाधाओं के कारण काम न रुकने और 1100 करोड़ रुपये के फंड प्रवाह का निर्देश दिया। ...और पढ़ें

पटना मेट्रो को लेकर मुख्य सचिव की दो टूक
HighLights
मुख्य सचिव ने पटना मेट्रो कार्य की समीक्षा की।
वित्तीय बाधाओं के कारण काम न रुकने का निर्देश।
कॉरिडोर-1 जून 2027, कॉरिडोर-2 2028 तक पूरा।
राज्य ब्यूरो, पटना। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को पटना मेट्रो रेल के लिए चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कहा कि पटना मेट्रो का काम वित्तीय बाधाओं के कारण नहीं रुके। यह निर्देश दिया कि 1100 करोड़ रुपए के आवश्यक फंड प्रवाह को बनाए रखा जाए।
मुख्य सचिव द्वारा बैठक में परियोजना की वर्तमान भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, समय-सीमा, फंड आवश्यकताओं और आगामी ट्रैफिक डायवर्जन योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य सचिव ने छह साल के टाइम ओवररन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य की गति को दोगुना किया जाए, ताकि परियोजना को संशोधित लक्ष्यों के भीतर हर हाल में पूरा किया जा सके।
डिपॉजिट वर्क्स के तहत चल रहे अनुबंधों के लिए 1100 करोड़ रुपए के आवश्यक फंड प्रवाह को निरंतर बनाए रखने का निर्देश दिया गया, ताकि वित्तीय बाधाओं के कारण काम न रुके।
विकास भवन, विद्युत भवन और पटना जू स्टेशनों के आसपास प्रस्तावित ट्रैफिक डायवर्जन योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता को कम से कम असुविधा होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक मार्शल तैनात किए जाएं।
विकास भवन और विद्युत भवन स्टेशनों के निर्माण के लिए चिह्नित बाधाओं (जैसे एसबीआई एटीएम, पुलिस बूथ, फलों की दुकानें, और संबंधित भवनों की बाउंड्री वाल) को संबंधित विभागों से समन्वय कर अविलंब हटाने की कार्रवाई शुरू की जाए।
इस तरह नई समय सीमा निर्धारित
मुख्य सचिव की उपस्थिति में विभिन्न खंडों को चालू करने की नई समय-सीमा (कमीशनिंग टाइमलाइन) निर्धारित की गई:
- कॉरिडोर-1 (मीठापुर से खेमनी चक - 3.1 किमी) का एलिवेटेड स्ट्रेच: इस खंड को चालू करने का लक्ष्य जून 2027 निर्धारित किया गया।
- कॉरिडोर-2 (राजेंद्र नगर स्टेशन/मलाही पकड़ी रैंप से आकाशवाणी स्टेशन/पटना जंक्शन शाफ्ट - 8 किमी) का अंडरग्राउंड स्ट्रेच: इस खंड को चालू करने का लक्ष्य वर्ष 2028 तय किया गया।