पटना में पान की दुकान पर 20 हजार घूस लेते क्लर्क गिरफ्तार, निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना में दानापुर के पशुपालन कार्यालय के लिपिक विजय कुमार को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।

पटना में पान की दुकान पर 20 हजार घूस लेते क्लर्क गिरफ्तार (AI Generated Image)
HighLights
दानापुर के लिपिक विजय कुमार 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार।
एम्स गोलंबर स्थित पान दुकान पर निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई।
जीपीएफ भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत, रंगेहाथ पकड़ा गया।
राज्य ब्यूरो, पटना। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने गुरुवार को दानापुर के पशुपालन कार्यालय अवर प्रमंडल के निम्नवर्गीय लिपिक विजय कुमार को 20 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। उसे एम्स गोलंबर स्थित पान दुकान के पास रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया है।
दरअसल, पटना के नौबतपुर के रहने वाले परिवादी राजेन्द्र प्रसाद ने निगरानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि लिपिक विजय जीपीएफ के छह लाख रुपये भुगतान करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है।
निगरानी ब्यूरो के स्तर से शिकायत का सत्यापन कराया गया जिसमें रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण सही पाया गया। इसके बाद निगरानी डीएसपी आसिफ इकबाल मेहदी के नेतृत्व में धावा दल का गठन कर कार्रवाई की गई।
अभियुक्त ने घूस की 20 हजार की रकम लेने के लिए परिवादी को एम्स गोलंबर के पास बुल्लु पान दुकान पर बुलाया था। जैसे ही उसने नोट अपने हाथ में लिए, निगरानी की टीम ने उसे दबोच लिया। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे पटना में निगरानी के विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस साल निगरानी ने पकड़ा 108वां घूसखोर:
निगरानी ने सिर्फ इस साल 108 घूसखोरों को अब तक गिरफ्तार किया है। इनके पास से रिश्वत की 38 लाख आठ हजार की राशि और 37 हजार कीमत की वॉशिंग मशीन जब्त की गई है। पिछले साल 2025 में 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे। ऐसे में इस साल निगरानी ने सर्वाधिक घसूखोर लोकसेवकों को पकड़ा है।
