विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पितृपक्ष में गया जाने वालों की बल्ले-बल्ले: MP से चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें, रानी कमलापति और जबलपुर से सीधी सेवा

Published: Tue, 08 Sep 2026 06:27 PM (IST)

रेलवे ने पितृपक्ष मेले के दौरान गया जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मध्य प्रदेश से दो स्पेशल ट्रेनें चलाने की ...और पढ़ें

रानी कमलापति से गया के लिए तीन फेरे

रानी कमलापति से गया के लिए तीन फेरे

HighLights

  1. मध्य प्रदेश से गया के लिए दो नई पितृपक्ष स्पेशल ट्रेनें।

  2. रानी कमलापति और जबलपुर से गया के लिए सीधी सेवा।

  3. पितृपक्ष मेले में श्रद्धालुओं की यात्रा को बनाएगी आसान।

जागरण संवाददाता, पटना। पितृपक्ष मेला के दौरान गया आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। मध्य प्रदेश से गया के लिए दो पितृपक्ष स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। रानी कमलापति और जबलपुर से चलने वाली इन ट्रेनों से मध्य प्रदेश के साथ-साथ रास्ते में पड़ने वाले शहरों के यात्रियों को भी गया पहुंचने में सहूलियत होगी।

रानी कमलापति से गया के लिए तीन फेरे, वापसी की भी तारीख तय

पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 01661 रानी कमलापति-गया पितृपक्ष स्पेशल 27 सितंबर, दो और सात अक्टूबर को रानी कमलापति से 15:20 बजे खुलेगी।

अगले दिन यह ट्रेन 14:30 बजे गया पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01662 गया-रानी कमलापति स्पेशल 30 सितंबर, पांच और 10 अक्टूबर को गया से 15:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन 16:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर भी रुकेगी ट्रेन

रानी कमलापति-गया स्पेशल का ठहराव अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, मैहर, कटनी, सिहोरा रोड, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी और नर्मदापुरम स्टेशनों पर होगा। इससे पितृपक्ष में गया आने वाले श्रद्धालुओं को कई प्रमुख स्टेशनों से सीधी रेल सेवा मिल सकेगी।

जबलपुर से भी चलेगी स्पेशल ट्रेन, तीन फेरे लगाएगी

इसी तरह गाड़ी संख्या 01701 जबलपुर-गया पितृपक्ष स्पेशल 29 सितंबर, चार और नौ अक्टूबर को जबलपुर से 21:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन 14:30 बजे गया पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 01702 गया-जबलपुर स्पेशल 28 सितंबर, तीन और आठ अक्टूबर को गया से 15:30 बजे खुलेगी और अगले दिन 08:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी।

गया आने वालों को इन स्टेशनों से मिलेगी सुविधा

जबलपुर-गया स्पेशल का ठहराव अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी आन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, डीडीयू, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी और सिहोरा रोड में होगा।

ऐसे में इन स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों से पितृपक्ष में गया आने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

दोनों ट्रेनों में होंगे 22 कोच, AC से सामान्य श्रेणी तक सुविधा

दोनों पितृपक्ष स्पेशल ट्रेनों में कुल 22 कोच होंगे। इनमें दो सेकेंड एसी, चार थर्ड एसी, 12 स्लीपर और चार सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।

पितृपक्ष मेले के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे की यह अतिरिक्त सेवा काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

यह भी पढ़ें- दीपावली और छठ पर जाना है बिहार? नोट कर लें ट्रेन टिकट बुकिंग की ये तारीखें, IRCTC पर पहले कर लें ये काम