'गुजरात मॉडल की तर्ज पर बिहार में लागू हो शराबबंदी', केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने उठाई मांग
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी ने बिहार में शराबबंदी कानून को गुजरात मॉडल की तर्ज पर और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है। ...और पढ़ें

जीतन राम मांझी। (फाइल फोटो)
HighLights
मांझी ने बिहार में शराबबंदी को और प्रभावी बनाने की मांग की।
गुजरात मॉडल की तर्ज पर शराबबंदी को सख्ती से लागू किया जाए।
पार्टी के युवा संगठन में सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
राज्य ब्यूरो, पटना। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक बार फिर शराबबंदी के मुद्दे पर आवाज उठाई है।
मांझी ने बिहार में लागू शराबबंदी कानून को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की है। पार्टी के युवा संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता युवा हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष मो. कमाल परवेज ने की। इस दौरान मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार मौजूद रहे।
मांझी ने कहा कि वे पहले भी कहते रहे हैं कि नशाबंदी कानून ठीक है, लेकिन इसके पालन में कहीं-कहीं पुलिस प्रशासन के स्तर पर गंभीर दिक्कतें आ रही हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार से कहना चाहते हैं कि जहां महात्मा गांधी का जन्म हुआ था, वहां भी शराबबंदी लागू है। गुजरात मॉडल की तर्ज पर बिहार में शराबबंदी को पूरी सख्ती और प्रभावशीलता के साथ लागू किया जाए। वहां के लोगों में इस कानून को लेकर कोई निराशा नहीं है, बल्कि वे इसे गर्व के साथ अपनाते हैं।
संगठन में युवाओं को जोड़ा जाएगा
बैठक में युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने, बड़े पैमाने पर सदस्यता महाभियान चलाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने का फैसला लिया गया।
संतोष कुमार सुमन ने कहा कि पार्टी की मजबूती में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। नई पीढ़ी, खासकर जेन-जी, से संवाद के लिए इंटरनेट मीडिया का सकारात्मक इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
अनिल कुमार ने कहा कि युवा संगठन की रीढ़ हैं और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी व्यापक अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक ललन राम, बीरेंद्र सिंह, श्यामसुंदर शरण, देवेंद्र मांझी, मुकेश मांझी, कुमार शुभम, अविनाश श्रीवास्तव, रघु मिश्रा धर्मेंद्र भुइयां, एजाज खान, पंकज मालाकार, मनोज सिन्हा समेत दूसरे कई नेता-कार्यकर्ता मौजूद रहे।