CSK-MI की तरह बिहार की भी हो IPL टीम; वेदांता चेयरमैन की बड़ी मांग, CM सम्राट चौधरी का आया रिएक्शन
वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार के लिए आईपीएल टीम बनाने की वकालत की है। उन्होंने बिहार की ...और पढ़ें

वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन। फाइल
HighLights
वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बिहार IPL टीम की वकालत की।
ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों का दिया उदाहरण।
बिहार में क्रिकेट सुविधाओं और निवेश बढ़ाने पर जोर।
डिजिटल डेस्क, पटना। क्या आने वाले वर्षों में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में बिहार की भी अपनी टीम नजर आएगी? यह सवाल अब सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों की चर्चा तक सीमित नहीं रह गया है।
यह सोशल मीडिया पर भी तेजी से ट्रेंड कर रहा है। इसकी वजह बने हैं वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, जिन्होंने बिहार के लिए एक आईपीएल टीम बनाने की खुलकर वकालत की है।
मुख्यमंत्री ने जताई सहमति
उनके इस पोस्ट का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संज्ञान लिया है। अपने एक्स पर उन्होंने लिखा, आपकी बात से पूर्णतः सहमत हूं।
बिहार के क्रिकेट इमोशन के लिए सरकार स्पष्ट विजन के साथ मिशन मोड में कार्यरत है। आपके सहयोग से निश्चित ही बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में अनिल अग्रवाल ने कहा कि जिस तरह CSK, MI और KKR जैसी टीमें अपने-अपने राज्यों और शहरों का प्रतिनिधित्व करती हैं!
उसी तरह बेमिसाल बिहार को भी IPL में अपनी पहचान मिलनी चाहिए। इसकी अपनी एक टीम होनी चाहिए। वे इसके लिए मजबूती से खड़े हैं।
बिहार से जुड़ाव, इसलिए उठाई आवाज
मूल रूप से बिहार से संबंध रखने वाले अनिल अग्रवाल भले ही अब ब्रिटेन में रहते हों, लेकिन अपने गृह राज्य से उनका भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहा है।
वह अक्सर अपने इंटरव्यू और सोशल मीडिया पोस्ट में बिहार की प्रतिभा, मेहनत और युवाओं की क्षमता की चर्चा करते रहे हैं।
अपने ताजा पोस्ट में उन्होंने लिखा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई शानदार क्रिकेटर दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद राज्य को क्रिकेट की दुनिया में वह पहचान नहीं मिल पाई जिसकी वह असली हकदार है।
बिहार के तीन खिलाड़ियों का खास जिक्र
अनिल अग्रवाल ने बिहार के उभरते क्रिकेट सितारों का उदाहरण देते हुए कहा कि पटना में जन्मे ईशान किशन ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया।
वहीं समस्तीपुर के युवा खिलाड़ी Vaibhav Suryavanshi बेहद कम उम्र में IPL डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं। इसके अलावा गोपालगंज के तेज गेंदबाज Saqib Hussain ने अपनी प्रतिभा से क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है।
उन्होंने कहा कि ये खिलाड़ी इस बात का प्रमाण हैं कि बिहार में क्रिकेट प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ बेहतर मंच, आधुनिक सुविधाओं और पेशेवर ट्रेनिंग की है।
‘विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलें तो बदल सकती है तस्वीर’
अनिल अग्रवाल ने कहा कि यदि बिहार के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कोचिंग और अवसर मिलें तो यहां की टीम भविष्य में देश की सबसे मजबूत क्रिकेट टीमों में शामिल हो सकती है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह बिहार के युवाओं और क्रिकेट प्रतिभाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं और राज्य में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव मदद करेंगे।
अपने पोस्ट के अंत में उन्होंने भावुक संदेश लिखते हुए कहा, “मेरे लिए बिहार सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि एक भावना है। अब समय आ गया है कि बिहार की प्रतिभा मैदान पर चमके।”
अनिल अग्रवाल की इस मांग के बाद बिहार में क्रिकेट को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि अगर राज्य में बेहतर स्टेडियम, मजबूत क्रिकेट ढांचा और कॉरपोरेट निवेश बढ़े तो भविष्य में बिहार की अपनी IPL टीम का सपना भी साकार हो सकता है।
आपकी बात से पूर्णतः सहमत हूँ।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 22, 2026
बिहार के क्रिकेट "इमोशन" के लिए सरकार स्पष्ट "विजन" के साथ "मिशन" मोड में कार्यरत है। आपके सहयोग से निश्चित ही बिहार की क्रिकेट टीम को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। https://t.co/Q5xfXYGwiC
क्या आपको नहीं लगता Chennai Super Kings, Mumbai Indians और Kolkata Knight Riders की तरह बेमिसाल बिहार की भी एक टीम होनी चाहिए?
— Anil Agarwal (@AnilAgarwal_Ved) May 22, 2026
बिहार की मिट्टी ने देश को बहुत से बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी दिए हैं।
पटना में जन्मे ईशान किशन ने सबसे कम गेंदों में ODI double century लगाई। समस्तीपुर… pic.twitter.com/bgScCh40Zd
