Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खुदीराम के गांव की मिट्टी और माता का प्रसाद लेकर मुजफ्फरपुर आएगी टोली, फांसी स्थल पर अर्पित होगी श्रद्धा

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 10:47 PM (IST)

    मेदिनीपुर से श्रद्धालुओं की एक टोली अमर बलिदानी खुदीराम बोस के गांव की मिट्टी और सिद्धेश्वरी काली माता का प्रसाद लेकर मुजफ्फरपुर पहुंच रही है। यह टोली ...और पढ़ें

    श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच रहे लोग।

    श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंच रहे लोग।

    HighLights

    1. मेदिनीपुर से खुदीराम बोस के गांव की मिट्टी, प्रसाद लेकर टोली।

    2. मंगलवार को फांसी स्थल, चिताभूमि पर अर्पित होगी श्रद्धांजलि।

    3. मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा में विशेष तैयारियां, प्रतिमा का रंग-रोगन।

    अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। जिस धरती पर अमर बलिदानी खुदीराम बोस ने जन्म लिया, उसी गांव की मिट्टी, सिद्धेश्वरी काली माता का प्रसाद और राधाकृष्ण की तस्वीर लेकर मेदिनापुर से श्रद्धालुओं की टोली मुजफ्फरपुर पहुंच रही है।

    यह टोली अपने साथ सिर्फ प्रसाद और मिट्टी नहीं, बल्कि खुदीराम बोस की स्मृतियों से जुड़ी श्रद्धा लेकर आएगी। सोमवार को टोली के मुजफ्फरपुर पहुंचने के बाद मंगलवार की भोर में फांसी स्थल, चिताभूमि और स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

    1995 से निभा रहे श्रद्धा का संकल्प

    मेदिनापुर के अमर शहीद खुदीराम बोस स्मृति विद्यालय के संस्थापक प्रकाश हलधर के नेतृत्व में यह टोली आ रही है। प्रकाश हलधर ने बताया कि वह वर्ष 1995 से लगातार मुजफ्फरपुर पहुंचकर अमर बलिदानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते आ रहे हैं। इस बार भी वे सिद्धेश्वरी काली माता का विशेष प्रसाद, पेड़ा और गांव की मिट्टी लेकर आएंगे।

    फांसी स्थल पर अर्पित होगी गांव की मिट्टी

    टोली मंगलवार की भोर में खुदीराम बोस के फांसी स्थल और चंदवारा स्थित सोडा गोदाम की चिताभूमि पर पहुंचेगी। यहां गांव की मिट्टी और माता का प्रसाद अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रकाश हलधर ने कहा कि खुदीराम बोस की अंतिम इच्छा को पूरा करने की भावना से वे यह परंपरा निभा रहे हैं।

    केंद्रीय कारा में विशेष तैयारी

    इधर अमर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा परिसर में भी विशेष तैयारी की जा रही है। फांसी स्थल और विशेष सेल का रंग-रोगन कराया जा रहा है। परिसर की साफ-सफाई और सजावट का काम भी चल रहा है। कारा अधीक्षक यूसुफ रिजवान ने बताया कि बंदियों की ओर से माला तैयार की जाएगी।

    खबरें और भी

    तस्वीर और दस्तावेज सुरक्षित

    केंद्रीय कारा में खुदीराम बोस से जुड़े दस्तावेज और तस्वीरें सुरक्षित रखी गई हैं। परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा को भी सजाया जा रहा है। मेदिनापुर से आने वाली टोली की ओर से राधाकृष्ण की विशेष तस्वीर कारा प्रशासन को भेंट की जाएगी।

    सात सदस्यीय टोली आएगी

    प्रकाश हलधर के साथ अनिरुद्ध हलधर, दिलीप प्रमाणिक, अतसी प्रमाणिक, अद्रिजा प्रमाणिक, दीप्तिषा प्रमाणिक, छंदा दास और जितेन खान भी शामिल रहेंगे। टोली के आगमन को लेकर कारा परिसर में भी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

    यह भी पढ़ें- Bihar News : हरेन सरकार व दिनेश चंद्र राय बन मुजफ्फरपुर आए थे खुदीराम और चाकी

    यह भी पढ़ें- बंगाल के मेदिनीपुर से मुजफ्फरपुर तक चलेगी बलिदानी खुदीराम बोस एक्सप्रेस, मंत्रियों ने दिया आश्वासन