10% कमीशन का खेल और 83 लाख की अवैध संपत्ति! मुंगेर के कार्यपालक अभियंता के 5 ठिकानों पर EOU की रेड, खुली पोल
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मुंगेर के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति ...और पढ़ें

मुंगेर के बेलन बाजार स्थित कार्यपालक अभियंता के आवास पर छापेमारी
HighLights
EOU ने मुंगेर के कार्यपालक अभियंता नारद दास पर छापा मारा।
83.53 लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ।
सोने-चांदी के बर्तन, जेवरात और दस्तावेज जब्त किए गए।
जाटी, मुंगेर। 'काम चाहे जो हो, साहब का दस फीसदी कमीशन तय है'—मुंगेर के प्रशासनिक गलियारों में लंबे समय से दबी जुबान तैर रही यह बात आखिरकार गुरुवार तड़के आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की बड़ी कार्रवाई का सबब बन गई।
ईओयू की गोपनीय जांच और विशेष निगरानी अदालत (पटना) से मिले सर्च वारंट के बाद मुंगेर में पदस्थापित कार्यपालक अभियंता सह जिला परिषद के जिला अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (DA Case) का मामला दर्ज कर एक साथ पांच ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
मुंगेर के कार्यपालक अभियंता सह जिला परिषद अभियंता नारद कुमार दास के मुंगेर, भागलपुर, पटना व मुजफ्फरपुर स्थित 5 ठिकानों पर EOU की एक साथ छापेमारी
ईओयू कांड संख्या 28/26 के तहत 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की ज्ञात आय से अधिक (64.93% अधिक) संपत्ति अर्जित करने का प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिला
मुंगेर के बेलन बाजार (बंगाली टोला) स्थित किराए के आवास से सोने-चांदी की थाली, कटोरा, परात व जेवरात बरामद; स्वर्णकार बुलाकर कराई गई तौल
डीएसपी निलाभ कृष्ण और डीएसपी चौधरी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई; भागलपुर से जमीन के दस्तावेज और बीमा पॉलिसियों के बांड भी जब्त
इस कार्रवाई में वैध आय से 64.93 प्रतिशत अधिक (83.53 लाख रुपये) संपत्ति अर्जित करने का खुलासा हुआ है। वर्ष 2024 से मुंगेर में पदस्थापित नारद कुमार दास के पास जिला परिषद, ग्रामीण विकास योजनाओं, सांसद-विधायक निधि और पंचायत सरकार भवनों की करोड़ों की वित्तीय शक्तियां केंद्रित थीं।
तड़के 5 बजे 5 ठिकानों पर एक साथ दबिश; मुंगेर से पटना तक खंगाले गए लॉकर व दस्तावेज
गुरुवार की सुबह जब शहर की आंखें पूरी तरह खुली भी नहीं थीं, ईओयू की अलग-अलग टीमों ने भागलपुर के तिलकामांझी (हनुमान पथ) स्थित निजी आवास पर तड़के पांच बजे ही पहली दस्तक देकर सबको चौंका दिया। इसके बाद सुबह आठ बजे डीएसपी निलाभ कृष्ण और डीएसपी चौधरी के नेतृत्व में टीमों ने मुंगेर के बेलन बाजार (बंगाली टोला) स्थित उनके किराए के मकान व कार्यालय पर मोर्चा संभाला।
इसके अलावा पटना के रूपसपुर (कुसुमपुरम) और मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर स्थित राधिका अपार्टमेंट (फ्लैट 2-एफ) में भी दिनभर सर्च ऑपरेशन चला। ठिकानों से कीमती भूखंडों के कागजात, बैंक खातों के दस्तावेज और भारी मात्रा में बीमा बांड मिले हैं।
किराए के साधारण मकान की आड़ में अकूत संपत्ति; जेवरात जांचने मौके पर पहुंचे स्वर्णकार
मुंगेर स्थित किराए के मकान की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में सोने के आभूषण, चांदी की थाली, कटोरा और परात जैसे कीमती बर्तन बरामद हुए। बरामद गहनों की शुद्धता और वजन मापने के लिए ईओयू ने मौके पर ही स्थानीय स्वर्णकार को बुलवाया।
पड़ोसियों के मुताबिक, दो वर्षों से किराए के मकान में साधारण कपड़ों और एक सामान्य कार में रहने वाले नारद दास के इस काले साम्राज्य से वे भी हैरान हैं।
वहीं, विभागीय संवेदकों का आरोप है कि किसी भी काम के भुगतान के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन फिक्स था और चहेते संवेदकों को ही टेंडर व पूंजी दी जाती थी। ईओयू अब इनके बेनामी निवेश और बैंक खातों की परतें उघाड़ने में जुट गई है।
"विशेष निगरानी न्यायालय पटना से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद कांड संख्या 28/26 के तहत यह कार्रवाई की गई है। प्रथमदृष्टया कार्यपालक अभियंता के पास 83,53,200 रुपये की आय से अधिक संपत्ति पाई गई है, जो उनकी ज्ञात आय से 64.93% अधिक है। जब्त दस्तावेजों, बैंक खातों और जेवरातों का मूल्यांकन किया जा रहा है।"
