भागलपुर में सुबह 5 बजे EOU का छापा; मुंगेर के एक्सक्यूटिव इंजीनियर के घर मिले जमीन के डीड व ज्वेलरी; 65% अधिक संपत्ति
EOU Raid in Bhagalpur: EOU ने बिहार के योजना एवं विकास विभाग में कार्यरत कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के ...और पढ़ें
-1791440610163_m.webp)
EOU Raid in Bhagalpur: सिंचाई विभाग के इंजीनियर पर EOU का बड़ा शिकंजा
HighLights
कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ EOU की कार्रवाई।
आय से 64.93% अधिक, 83.53 लाख की अनुपातहीन संपत्ति मिली।
भागलपुर सहित चार जिलों के पांच ठिकानों पर एक साथ छापा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। EOU Raid in Bhagalpur: बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग में कार्यरत कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी और चौतरफा कार्रवाई शुरू की है। गुरुवार की तड़के करीब पांच बजे ईओयू की विशेष टीम ने दो वाहनों में सवार होकर भागलपुर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान पथ स्थित उनके निजी आवास पर एक साथ धावा बोला। टीम ने घर के अंदर प्रवेश करते ही मुख्य द्वार को भीतर से बंद कर लिया और सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय थाने की पुलिस को बाहर मुस्तैद कर दिया।
आधा दर्जन से अधिक पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) व पुलिस निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की मौजूदगी में चल रही इस सघन तलाशी के दौरान आवास से विभिन्न शहरों में खरीदे गए बेशकीमती भूखंडों (जमीन) के डीड, कई प्रमुख बीमा कंपनियों के भारी-भरकम बॉन्ड, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण मिलने की सूचना है। हालांकि, जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने अभी अंतिम आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
-1791440679042.webp)
83.53 लाख की अनुपातहीन संपत्ति
आर्थिक अपराध इकाई से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के विरुद्ध अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध कमाई करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। गोपनीय सत्यापन के दौरान यह ठोस साक्ष्य मिला कि उन्होंने अपने ज्ञात व वैध आय स्रोतों से 83 लाख 53 हजार 200 रुपये की अधिक संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी वैध आमदनी से करीब 64.93 प्रतिशत अधिक है।
7 अक्टूबर को दर्ज हुआ था केस
इसके आधार पर ईओयू थाने में 7 अक्टूबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 28/26 दर्ज किया गया। विशेष अदालत (निगरानी) से विधिवत सर्च वारंट हासिल कर दूसरे ही दिन गुरुवार अलसुबह एक साथ छापेमारी शुरू कर दी गई।
-1791440753726.webp)
चार जिलों के पांच ठिकानों पर एक साथ दबिश
कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास मूल रूप से भागलपुर के रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में वे मुंगेर में स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एलएईओ) कार्य प्रमंडल में पदस्थापित हैं और उनके पास जिला परिषद का भी प्रभार है। ईओयू ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत गुरुवार को उनके चार जिलों में फैले पांच ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।
इनमें भागलपुर के तिलकामांझी आवास के अलावा मुंगेर के कासिम बाजार स्थित बेलन बाजार (बंगाली टोला) का किराये का मकान, एलएईओ कार्य प्रमंडल मुंगेर का सरकारी दफ्तर, मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर अंतर्गत नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 2F तथा पटना के रूपसपुर स्थित कुसुमपुरम मोहल्ले का आवास शामिल है।
सभी ठिकानों पर अंदर और बाहर से किसी भी व्यक्ति के आने-जाने पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। सरकारी दफ्तर में योजनाओं की टेंडर पत्रावलियों और कमीशनखोरी से जुड़े दस्तावेजों को जब्त किया जा रहा है, वहीं आवासों पर लॉकरों और बैंक खातों की पड़ताल जारी है। तलाशी अभियान संपन्न होने के उपरांत ईओयू मुख्यालय द्वारा जब्त संपत्ति का अंतिम विवरण जारी किया जाएगा।
