शादी के कार्ड के साथ SDO को दें आवेदन, समारोह के लिए आसानी से मिल जाएगा गैस सिलिंडर
कटिहार जिला प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं की पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उर्वरक दुकानों और पेट्रोल पंपों पर निगरानी बढ़ाई है। ...और पढ़ें

शादी के लिए मिलेगा कमर्शियल सिलिंडर। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, कटिहार। जिले में आम लोगों को आवश्यक वस्तुएं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएम आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि उर्वरक, गैस और पेट्रोल पंपों पर निगरानी के लिए 25 टीमों का गठन कर जिलेभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।
बताया कि विभिन्न प्रखंडों की 254 उर्वरक दुकानों की औचक जांच की गई, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर 27 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस रद करने की कार्रवाई की जाएगी।
पेट्रोल पंपों की जांच भी जारी है और उसकी रिपोर्ट जल्द जारी होगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि छापेमारी की तिथि और स्थान को गोपनीय रखा जाता है, ताकि कार्रवाई प्रभावी हो सके।
डीएम ने कहा की शादी-ब्याह के मौसम को देखते हुए आम लोगों को राहत देने की घोषणा करते हुए सरकार के जारी गाइड लाइन जारी करते हुए कहा कि जिन परिवारों में शादी समारोह है, वे अपने शादी कार्ड के साथ संबंधित एसडीओ कार्यालय में आवेदन दें।
आवेदन के आधार पर उनकी जरूरत के अनुसार व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। बताया कि जिले में वर्तमान में 1184 व्यवसायिक गैस सिलेंडर और 12,821 घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं।
जनता की मदद में जुटा प्रशासन
विभिन्न गैस कंपनियों द्वारा लगातार एजेंसियों को आपूर्ति की जा रही है। मंगलवार को ही 8,409 उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।
इसके अलावा डीएम ने बताया कि भारत गणना 2027 के तहत जिले में अब तक करीब 6,500 लोगों ने स्व-गणना पूरी कर ली है। इस अभियान को गति देने के लिए जल्द ही डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
पंचायत स्तर पर संध्या चौपाल और शहरी क्षेत्रों में वार्ड सभाओं के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। ताकि एक मई तक अधिक से अधिक लोग स्व-गणना में भाग ले सकें। इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अभिषेक रंजन उपस्थित थे।