जमुई के चकाई में 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन को मिली मंजूरी, बिजली संकट होगा खत्म
चकाई (जमुई) में 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन के निर्माण को ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार मंडल ने मंजूरी दे दी है। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
चकाई में 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन को मिली मंजूरी।
विधायक सावित्री देवी के प्रयासों से स्थायी बिजली समाधान।
चार लाख लोगों को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। प्रखंड क्षेत्र में वर्षों पुरानी बिजली समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। विधायक सावित्री देवी ने पटना में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार मंडल से मुलाकात कर चकाई में 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन की स्थापना की मांग मजबूती से उठाई।
विधायक ने ऊर्जा मंत्री को बताया कि चकाई क्षेत्र पहाड़ी और वनांचल इलाका होने के कारण यहां लो-वोल्टेज, अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग की गंभीर समस्या बनी रहती है।
इसका प्रतिकूल असर कृषि, शिक्षा और व्यवसाय पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 132 केवी ग्रिड सब-स्टेशन ही इस समस्या का स्थायी समाधान है।
उर्जा मंत्री ने दी मंजूरी
विधायक ने बताया कि ऊर्जा मंत्री ने जनहित से जुड़ी इस मांग को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी है। विभाग द्वारा आवश्यक आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
मंत्री ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर डीपीआर तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। विधायक ने कहा कि ग्रिड सब-स्टेशन बनने से चकाई, सोनो तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के करीब चार लाख लोगों को गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
किसानों को मिलेगा लाभ
किसानों को सिंचाई में सुविधा होगी और क्षेत्र में नए उद्योगों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुख-सुविधा और चौमुखी विकास के लिए वे हमेशा प्रतिबद्ध हैं।
ऊर्जा विभाग के सूत्रों के अनुसार, ग्रिड निर्माण के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। करीब 80 से 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ग्रिड के जरिये चकाई को सीधे राज्य ट्रांसमिशन लाइन से जोड़ा जाएगा।
इससे वोल्टेज की समस्या समाप्त होगी तथा हल्की बूंदाबांदी में बिजली कटने जैसी समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- जमुई की बेटियों का कमाल, एक ही घर में दो सगी बहनें बनीं डॉक्टर; जिले का नाम किया रोशन