जहानाबाद में पढ़ाई के साथ खिलवाड़: एक परिसर में चल रहे 3 स्कूल, चार कमरों में पढ़ रहे 150 बच्चे
जहानाबाद के रतनी फरीदपुर में तीन प्राथमिक विद्यालय एक ही परिसर में चल रहे हैं। बिरो बिगहा में 150 छात्र चार कमरों में पढ़ रहे हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावि ...और पढ़ें
-1775640932040_m.webp)
तीन विद्यालय एक परिसर में हो रही संचालित

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बिरो बिगहा में एक साथ तीन विद्यालयों का संचालन होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
यहां प्राथमिक विद्यालय बिरो बिगहा के साथ-साथ प्राथमिक विद्यालय गुलाबगंज और प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मस्थान भी संचालित हो रहे हैं। तीनों विद्यालयों में कुल मिलाकर लगभग डेढ़ सौ छात्र-छात्राओं का नामांकन है, जिनकी पढ़ाई मात्र चार कमरों में कराई जा रही है।
बताया जाता है कि प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मस्थान का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है और किसी भी समय गिरने की आशंका बनी हुई है। इसको लेकर विभाग को लिखित आवेदन भी दिया गया है।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय गुलाबगंज का नया भवन बनकर तैयार है, लेकिन अब तक ठेकेदार द्वारा विभाग को हैंडओवर नहीं किए जाने के कारण वहां पठन-पाठन शुरू नहीं हो सका है।
वर्तमान में बिरो बिगहा विद्यालय के चार कमरों में ही तीनों विद्यालयों की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। एक ही कमरे में कक्षा एक और दो के बच्चों को एक साथ पढ़ाया जा रहा है, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वहीं, मध्याह्न भोजन की व्यवस्था भी अव्यवस्थित है। तीनों विद्यालयों का खाना अलग-अलग बनता है, लेकिन गैस का अभाव होने के कारण लकड़ी के चूल्हे पर भोजन तैयार किया जा रहा है। इससे धुआं कमरों में भर जाता है, जिससे बच्चों को पढ़ाई में परेशानी होती है।
प्राथमिक विद्यालय बिरो बिगहा में जहां किचन में भोजन बनता है, वहीं अन्य दो विद्यालयों में बरामदे में खाना तैयार किया जा रहा है। गुलाबगंज से बिरो बिगहा की दूरी लगभग एक किलोमीटर से अधिक है, जिससे छोटे बच्चों को आने-जाने में कठिनाई होती है।
खबरें और भी
हाल ही में एक छात्र सड़क पार करते समय मोटरसाइकिल की चपेट में आकर घायल भी हो गया, जिसके बाद अभिभावकों में डर का माहौल है। इस संबंध में रतनी फरीदपुर प्रखंड के बीईओ ने बताया कि गुलाबगंज विद्यालय का भवन तैयार है, लेकिन अभी तक हैंडओवर नहीं होने के कारण संचालन शुरू नहीं किया जा सका है। उन्होंने जल्द ही प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद जताई है।