गोपालगंज सदर अस्पताल में बिजली गुल, 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहे मरीज और स्वजन
गोपालगंज सदर अस्पताल में बिजली कटने से लिफ्ट अचानक बंद हो गई, जिसमें प्रसव के लिए जा रही एक महिला और उनके स्वजन 20 मिनट तक फंसे रहे। अस्पताल प्रबंधन क ...और पढ़ें

लिफ्ट से निकलते स्वजन। फोटो जागरण
HighLights
सदर अस्पताल में बिजली कटने से लिफ्ट हुई बंद।
प्रसव के लिए जा रही महिला और स्वजन 20 मिनट फंसे।
अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर उठे सवाल, वैकल्पिक व्यवस्था की मांग।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। सदर अस्पताल के नए भवन में शनिवार की रात बिजली कटने के कारण लिफ्ट अचानक बंद हो गई। इस दौरान महिला वार्ड में प्रसव के लिए जा रही एक महिला और उनके स्वजन करीब 20 मिनट तक लिफ्ट के अंदर फंसे रहे। लिफ्ट में फंसे स्वजन ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई।
बताया जाता है कि सदर अस्पताल के नए भवन में महिला वार्ड, इमरजेंसी वार्ड समेत कई महत्वपूर्ण वार्ड संचालित किए जा रहे हैं। शनिवार की रात एक महिला को प्रसव के लिए महिला वार्ड में ले जाया जा रहा था।
महिला के साथ उनके स्वजन भी लिफ्ट में सवार थे। इसी दौरान अचानक बिजली कट गई और लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई। अंदर मौजूद मरीज और उनके स्वजन घबरा गए और शोर मचाने लगे।
लिफ्ट के अंदर से आवाज आने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने अस्पताल कर्मियों को इसकी सूचना दी। बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए संबंधित कर्मियों को फोन किया गया।
इस बीच सुरक्षा गार्ड ने राड की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोलने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद मरीज व उनके स्वजन को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
लापरवाही के कारण 20 मिनट तक फंसे रहे
करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण सभी काफी परेशान रहे। सरेया मोहल्ला निवासी रिंकू देवी ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण मरीजों और उनके स्वजन को इस तरह की परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने लिफ्ट की व्यवस्था के साथ बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।
यह भी पढ़ें- रानीगंज थाने में हर साल क्यों आते हैं विदेशी मेहमान? पीपल के पेड़ों पर सज जाता है परिंदों का आशियाना