गोपालगंज ADM राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर SVU का छापा, ऑफिस और आवास में 7 घंटे तक चली जांच
गोपालगंज की अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) राजेश्वरी पाण्डेय के सरकारी आवास और कार्यालय पर विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने शुक्रवार को छापेमारी की।
HighLights
गोपालगंज एडीएम राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर एसवीयू की छापेमारी।
सरकारी आवास और कार्यालय में संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले।
पटना सहित अन्य जगहों पर अर्जित संपत्ति की हो रही जांच।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) राजेश्वरी पाण्डेय के ठिकानों पर शुक्रवार को विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की टीम ने छापामारी की।
इस दौरान शहर के ब्लॉक कॉलोनी स्थित उनके सरकारी आवास व कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में तलाशी ली गई। एसवीयू की टीम संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान सरकारी आवास से जमीन से संबंधित कुछ कागजात मिलने की जानकारी सामने आई है।
छापामारी में शामिल डीएसपी एके अकेला ने बताया कि राजेश्वरी पाण्डेय के आवास से पटना सहित अन्य स्थानों पर संपत्ति अर्जित करने से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इन कागजातों की जांच कराई जा रही है।
जांच के बाद ही संपत्ति से जुड़े मामलों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। कार्रवाई के दौरान एसवीयू के दो इंस्पेक्टर व चार अन्य पुलिस पदाधिकारी भी शामिल रहे। करीब सात घंटे तक यह छापामारी की गई।
इस दौरान उनके आवास के बाहर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं आवास के गार्ड से भी पूछताछ की गई। राजेश्वरी पाण्डेय बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं।
निभा चुके हैं कई जिम्मेदारियां
उन्हें बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 47 वीं बैच का पदाधिकारी बताया जाता है। गोपालगंज में एडीएम के पद पर तैनाती से पहले वह राज्य के विभिन्न जिलों और विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
राजेश्वरी पाण्डेय का मूल निवास रोहतास जिले के करगहर क्षेत्र के ठोहसन गांव में बताया जाता है। एसवीयू की इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।
हालांकि, बरामद कागजातों के आधार पर संपत्ति का कुल मूल्य कितना है और जांच में आगे क्या तथ्य सामने आते हैं, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें- Patna EOU Raid: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 5 ठिकानों पर छापा, मुजफ्फरपुर से 50 लाख नकद बरामद
