विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Patna EOU Raid: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के 5 ठिकानों पर छापा, मुजफ्फरपुर से 50 लाख नकद बरामद

Published: Thu, 08 Oct 2026 10:12 AM (GMT+05:30)Updated: Thu, 08 Oct 2026 11:53 AM (GMT+05:30)

आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने योजना एवं विकास विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर छापेमारी ...और पढ़ें

इंजीनियर नारद कुमार दास के मुजफ्फरपुर घर से मिले पैसा

इंजीनियर नारद कुमार दास के मुजफ्फरपुर घर से मिले पैसा

HighLights

  1. EOU ने इंजीनियर नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर छापा मारा।

  2. आय से 64% अधिक संपत्ति के साक्ष्य मिले, जांच जारी।

  3. पटना, मुंगेर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर में एक साथ तलाशी अभियान।

राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने गुरुवार को योजना एवं विकास विभाग के मुंगेर में पदस्थापित एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नारद कुमार दास के पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। मुंगेर, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पटना में ईओयू की टीम ने तलाशी ली। इस दौरान मुजफ्फरपुर स्थित आवास से 50 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं।

नोट गिनने के लिए मंगानी पड़ी मशीन

मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के नया टोला स्थित राधिका अपार्टमेंट में तलाशी के दौरान मिले कैश को गिनने के लिए मशीन मंगाई गई। इसके अलावा महंगे आभूषण और अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। बरामद संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है।

प्राथमिक जांच के आधार पर इंजीनियर के खिलाफ 83 लाख 53 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, छापेमारी में मिली चल-अचल संपत्ति के बाद यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

पांच ठिकानों पर एक साथ पहुंची EOU टीम

ईओयू की कार्रवाई भागलपुर के तिलकामांझी स्थित हनुमान पथ के आवास, मुंगेर के बेलन बाजार बंगाली टोला स्थित आवास और स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन कार्य प्रमंडल, मुंगेर के सरकारी कार्यालय में चल रही है।

इसके अलावा मुजफ्फरपुर के काजी मोहम्मदपुर स्थित राधिका अपार्टमेंट और पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के कुसुमपुर मोहल्ले में स्थित आवास पर भी तलाशी ली गई।

दस दिन पहले पटना में अफसर दंपती के ठिकानों पर मिली थी बड़ी नकदी

इससे करीब दस दिन पहले निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पटना के अफसर दंपती के ठिकानों पर छापेमारी की थी। पटना के एडीएम (आपूर्ति) रविंद्र कुमार दिवाकर और दानापुर की जिला सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी के पटना और बेगूसराय स्थित ठिकानों पर कार्रवाई हुई थी।

फ्लैट से 70 लाख से ज्यादा कैश, गहने भी बरामद

उस कार्रवाई में पटना के रूपसपुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी के फ्लैट से 70 लाख रुपये से अधिक नकद और बेगूसराय के आवास से नौ लाख रुपये से अधिक नकद बरामद हुए थे। इसके अलावा 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण भी मिलने की बात सामने आई थी।