गया से म्यांमार की सीधी उड़ान, यांगून के लिए दो एयरलाइंस ने दिया शेड्यूल; दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा एअर इंडिया
गया जी एयरपोर्ट से अक्टूबर में म्यांमार के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होंगी, जिससे बौद्ध श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। ...और पढ़ें

म्यांमार से सीधे बोधगया पहुंचेंगे श्रद्धालु
HighLights
म्यांमार से गया के लिए सीधी उड़ानें अक्टूबर से शुरू।
थाईलैंड, भूटान और बैंकॉक के लिए भी अंतरराष्ट्रीय सेवाएं।
एयर इंडिया सात महीने बाद दिल्ली-गया सेवा फिर शुरू करेगा।
संवाद सूत्र, बोधगया(गयाजी)। बोधगया में बौद्ध पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले गया जी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं को लेकर तस्वीर साफ होने लगी है। म्यांमार नेशनल एयरलाइंस और म्यांमार एयरवेज इंटरनेशनल ने यांगून-गया हवाई सेवा का शेड्यूल गया जी एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंप दिया है। इससे अक्टूबर से म्यांमार और गया के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
म्यांमार से सीधे बोधगया पहुंचेंगे श्रद्धालु
सीधी उड़ान शुरू होने से म्यांमार से बोधगया आने वाले बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यात्री पहले से टिकट बुक कर सकेंगे।
गया जी एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन फिर शुरू होने जा रहा है। पर्यटन सीजन को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन और विमानन कंपनियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
25 अक्टूबर से शुरू होंगी थाईलैंड की उड़ानें
पर्यटन सीजन के दौरान थाई एयरलाइंस, थाई एयर एशिया, भूटान एयरलाइंस और डुक एयर की अंतरराष्ट्रीय सेवाएं संचालित होने की जानकारी दी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर से थाई एयरलाइंस और थाई एयर एशिया की उड़ानें शुरू होंगी। 26 अक्टूबर से इंडिगो की बैंकॉक सेवा शुरू होने की तैयारी है।
28 अक्टूबर से पारो, नवंबर में डुक एयर की सेवा
28 अक्टूबर से भूटान एयरलाइंस पारो-गया मार्ग पर सेवा शुरू करेगी। वहीं, एक नवंबर से डुक एयर की उड़ानें संचालित होने की संभावना है। इस तरह अक्टूबर के अंत तक गया जी एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी में काफी विस्तार देखने को मिलेगा।
पहली बार गया से बैंकॉक उड़ाएगा इंडिगो
गया जी एयरपोर्ट के लिए इस बार एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। इंडिगो पहली बार गया जी से बैंकॉक के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारी में है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सेवा शुरू होने पर यह गया जी एयरपोर्ट के इतिहास में इंडिगो की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान होगी। यह सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी।
वियतनाम-कंबोडिया से चार्टर उड़ानों का विकल्प
वियतनाम और कंबोडिया से आने वाली चार्टर उड़ानें पूर्व वर्षों की तरह आवश्यकता के अनुसार संचालित होंगी। इनके लिए कोई नियमित शेड्यूल नहीं रहेगा। संबंधित अनुमति मिलने के बाद ही चार्टर विमान गया जी एयरपोर्ट पर उतर सकेंगे।
सात महीने बाद दिल्ली के लिए फिर उड़ान भरेगा एयर इंडिया
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ गया जी एयरपोर्ट की घरेलू हवाई सेवा में भी विस्तार होगा। एअर इंडिया करीब सात महीने बाद गया से दिल्ली के लिए सेवा फिर शुरू करने जा रही है।
25 अक्टूबर से गया-दिल्ली मार्ग पर दो विमानों के संचालन की तैयारी है। फिलहाल इस रूट पर इंडिगो की सेवा उपलब्ध है।
बढ़ेंगे यात्रियों के विकल्प, पर्यटन कारोबार को भी उम्मीद
एअर इंडिया के दोबारा जुड़ने से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के पास विकल्प बढ़ेंगे। बोधगया आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के साथ स्थानीय यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
अक्टूबर से शुरू होने वाले पर्यटन सीजन को लेकर गया जी एयरपोर्ट पर तैयारियां तेज हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की बढ़ती संख्या से बोधगया के पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- Gaya Airport से Bangkok की सीधी उड़ान, 26 अक्टूबर से शुरू होगी IndiGo की सेवा; तीन घंटे में पूरा होगा सफर
