पूर्वी चंपारण में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन की मौत, दो लोग घायल
पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। कोटवा-मोतिहारी और मोतिहारी-अरेराज मुख्य सड़क पर बाइक ...और पढ़ें

सड़क हादसों में तीन की मौत।
HighLights
जिले में शनिवार को तीन सड़क हादसों में मौत।
कोटवा-मोतिहारी और कवलपुर में बाइक की टक्कर।
हादसों में विकास, प्रकाश और सहयोग राम की मौत।
संवाद सहयोगी, तुरकौलिया। जिले में शनिवार को अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पहली घटना कोटवा-मोतिहारी सड़क पर चिउटाहां चौक से करीब एक किलोमीटर आगे हुई, जहां दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान मथुरापुर निवासी विकास कुमार सहनी और प्रकाश पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
कवलपुर के समीप बाइक की टक्कर में युवक की मौत
वहीं, मोतिहारी-अरेराज मुख्य सड़क पर कवलपुर के समीप भी शनिवार की रात में दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार विजुलपुर गांव निवासी सहयोग राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि सहयोग राम की पत्नी सदर अस्पताल, मोतिहारी में भर्ती थी। वह घर से अपनी पत्नी के लिए खाना लेकर बाइक से अस्पताल जा रहा था।
इसी दौरान कवलपुर के समीप उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सहयोग राम गंभीर रूप से जख्मी हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों घटनाओं को लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।