बक्सर में पूर्व छात्रा से दुष्कर्म और ब्लैकमेल मामले में दूसरा शिक्षक भी चढ़ा पुलिस के हत्थे, चल रही पूछताछ
बक्सर में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेलिंग के मामले में दूसरे आरोपी शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद को ...और पढ़ें

दुष्कर्म और अश्लील वीडियो मामले में दूसरा शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद और पूर्व में गिरफ्तार अरविंद कुमार। फाइल
HighLights
नाबालिग से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग मामले में दूसरा शिक्षक गिरफ्तार।
आरोपी शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद को बक्सर पुलिस ने पकड़ा।
पहले ही एक शिक्षक और प्रधानाध्यापक गिरफ्तार हो चुके हैं।
जागरण संवाददाता, बक्सर। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक स्कूल की छात्रा से दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में दूसरे आरोपित शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद उर्फ वीरेंद्र पाल को बक्सर पुलिस ने रविवार देर रात बक्सर स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अनुमान है कि या तो वह बक्सर से कही दूसरी जगह भागने की तैयारी में था या फिर सोमवार को कोर्ट में सरेंडर करने वाला था।
हालांकि, पुलिस की ओर से उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपित को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
एक शिक्षक की पूर्व में हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्राथमिकी में अरविंद कुमार और वीरेंद्र प्रसाद पर नाबालिग पूर्व छात्रा के साथ दुष्कर्म करने तथा आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे धमकाने और ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन पर घटना की जानकारी होने के बावजूद मामले को छिपाने का आरोप है।
मामला उस समय सामने आया, जब छात्रा से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होने के बाद विद्यालय में हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने शिक्षकों के मोबाइल फोन की जांच की थी।
इसके बाद छात्रा की मां की शिकायत पर कृष्णाब्रह्म थाने में प्राथमिकी की गई। मामले में पाक्सो समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
जनवरी में किया था दुष्कर्म और बनाया था वीडियो
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि जनवरी 2026 में अरविंद कुमार ने छात्रा के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाया। बाद में यह वीडियो वीरेंद्र प्रसाद को दिखाए जाने के बाद वह भी छात्र को ब्लैकमेल करने लगा।
मामले की जांच में मोबाइल फोन और उसमें मौजूद डिजिटल साक्ष्य को अहम माना जा रहा है। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
साथ ही आरोपितों के बीच हुई बातचीत और संपर्क की जानकारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। शिकायत में होटल में ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आने के बाद संबंधित स्थानों पर भी पुलिस की जांच आगे बढ़ाई गई है।
वीरेंद्र प्रसाद की गिरफ्तारी की सूचना के बाद अब पुलिस पूछताछ में मामले से जुड़े अन्य तथ्यों, वीडियो की उत्पत्ति और प्रसार, आरोपितों के बीच संपर्क तथा कथित घटनाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस जांच के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों और पीड़िता के बयान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आरोपितों के विरुद्ध लगाए गए आरोप फिलहाल प्राथमिकी और जांच का हिस्सा हैं; न्यायालय में आरोप सिद्ध होना शेष है।
