बक्सर में पूर्ववर्ती छात्रा से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपित शिक्षक अरविंद गिरफ्तार, एक दिन पहले पकड़े गए थे HM
बक्सर के डुमरांव प्रखंड के एक स्कूल के शिक्षक अरविंद कुमार को पूर्ववर्ती छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार ...और पढ़ें

दुष्कर्म का मुख्य आरोपित शिक्षक गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मुख्य आरोपी शिक्षक अरविंद कुमार ब्रह्मपुर से गिरफ्तार।
प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी पहले ही गिरफ्तार।
दूसरे आरोपी शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद की तलाश जारी है।
जागरण संवाददाता, बक्सर। डुमरांव प्रखंड के एक स्कूल के शिक्षक दुष्कर्म मामले में ब्रह्मपुर से मुख्य आरोपित शिक्षक अरविंद कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
इसी शिक्षक के साथ एक किशोरी का अश्लील वीडियो प्रसारित हुआ था। इससे पहले मामले में कृष्णाब्रह्म पुलिस ने ब्रह्मपुर से दो लोगों को पूछताछ के लिए उठाया था। इनमें एक उसी विद्यालय का शिक्षक है।
दोनों मुख्य आरोपित के करीबी बताए जा रहे थे। पुलिस ने मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए इनके जरिए दबाव बनाया था। दूसरे आरोपित शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी में जुटी है।
एक दिन पहले ही हेडमास्टर की हुई थी गिरफ्तारी
प्रधानाध्यापक मो. इमाम अली अंसारी को गुरुवार की शाम ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इस मामले में करायी गयी प्राथमिकी में उल्लेख है कि छात्रा इसी विद्यालय में पढ़ाई करती थी और इसी साल मार्च में आठवीं पास होने के बाद यहां से पास आउट हुई है।
इससे पहले जिला प्रशासन ने विद्यालय के प्रधानाचार्य की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया था कि वीडियो में दिख रही किशोरी उस विद्यालय में पढ़ाई नहीं करती है।
इन तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आइटी एक्ट और पाक्सो अधिनियम की धाराओं में नामजद प्राथमिकी की गई है। दोनों शिक्षकों पर एक किशोरी से छेड़खानी, आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने और धमकी देने के आरोप हैं, जबकि प्रधानाध्यापक पर मामले को छिपाने का आरोप है।
शिक्षक सम्मान से भी वंचित कर दिए गए एचएम
दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। प्रधानाध्यापक के राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयन को रद करने की अनुशंसा राज्य मुख्यालय को भेजी गई है।
वे जिले से इस पुरस्कार के लिए चयनित इकलौते शिक्षक थे और 5 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में राज्यस्तरीय शिक्षक दिवस समारोह में सम्मानित किए जाने वाले थे।
प्राथमिकी के अनुसार, बीते जनवरी में शिक्षक अरविंद ने किशोरी से दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। बाद में उन्होंने यह वीडियो सहकर्मी शिक्षक वीरेंद्र प्रसाद को दिखाया, जिसने भी किशोरी को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया।
किशोरी के अनुसार दोनों ने कई अलग-अलग होटलों में ले जाकर दुष्कर्म किया। जानकारी होने के बावजूद प्रधानाध्यापक ने मामले को छिपाए रखा। 29 अगस्त को किशोरी का एक वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया।
विभागीय स्तर पर प्रारंभिक समीक्षा में आरोप प्रथम दृष्टया सत्य प्रतीत होने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण ने दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
यह भी पढ़ें- बक्सर टीचर कांड: दोनों आरोपी शिक्षकों पर POCSO और बर्खास्तगी का आदेश, शिक्षा मंत्री का एक्शन
