भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर तीसरा बेली ब्रिज तैयार, आज होगी लॉन्चिंग; जून से छोटी गाड़ियों का आवागमन शुरू
भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर तीसरे बेली ब्रिज का 24 मीटर लंबा ढांचा तैयार हो गया है, जिसकी लांचिंग शुक्रवार सुबह तक की जाएगी। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर तीसरे बेली ब्रिज का 24 मीटर लंबा ढांचा तैयार हो गया है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) अब इसकी लांचिंग की तैयारी में जुट गया है।
अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार सुबह तक ढांचे की लांचिंग कर दी जाएगी। इसके बाद स्टील प्लेट बिछाने और अंतिम फिटिंग का काम शुरू होगा। बीआरओ की टीम ने गुरुवार को फाउंडेशन निर्माण का काम पूरा कर लिया। अब रैंप निर्माण, प्लेट संयोजन और अंतिम तकनीकी फिटिंग का काम युद्धस्तर पर चल रहा है।
आंधी-पानी के कारण दो रात काम प्रभावित हुआ था, लेकिन अब दिन-रात निर्माण कार्य जारी है। बीआरओ ने दावा किया है कि माह के अंत तक तीसरे बेली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और आईआईटी पटना की टीम संयुक्त रूप से तीनों बेली ब्रिज का तकनीकी परीक्षण और ट्रायल करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही वाहनों के परिचालन की अनुमति दी जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार तीसरे बेली ब्रिज के तैयार होने के बाद वाहनों का ट्रायल लिया जाएगा। क्षमता आकलन के बाद ही बस और अन्य बड़े वाहनों के परिचालन पर निर्णय होगा।
जिला प्रशासन ने जून के पहले सप्ताह से विक्रमशिला सेतु पर छोटी गाड़ियों का आवागमन बहाल करने का लक्ष्य रखा है। इधर, आईआईटी पटना समेत अन्य विशेषज्ञ एजेंसियों की टीम विक्रमशिला सेतु की जांच में जुटी है।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार ने बताया कि एक सप्ताह तक और जांच चलेगी। इसके बाद रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की मरम्मत संबंधी कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें- बिहार में एक और 'विक्रमशिला सेतु', चंपारण से गोपालगंज को जोड़ने वाले पुल में 5 दिन में 5 इंच बढ़ा गैप
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु संकट के बीच बिहार के चार और पुलों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद, रूट डायवर्ट