राघोपुर तटबंध बचाएं नहीं तो जाएगी अधिकारियों की नौकरी, मंत्री ई. शैलेन्द्र ने दी चेतावनी
पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र ने राघोपुर तटबंध की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है कि लापरवाही पर नौकरी जा सकती है। ...और पढ़ें

खरीक में तटबंध का निरीक्षण करते मंत्री। (जागरण)
HighLights
मंत्री ने राघोपुर तटबंध सुरक्षा पर अधिकारियों को चेताया।
लापरवाही पर नौकरी जाने की सख्त चेतावनी दी गई।
कटाव रोकने को युद्धस्तर पर जियो बैग लगाने का निर्देश।
संवाद सूत्र, खरीक। पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र ने राघोपुर तटबंध की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि तटबंध को सुरक्षित बचाए रखने के लिए सभी अभियंताओं और अधिकारियों को अपनी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा, अन्यथा बाढ़ से उसे क्षति पहुंचने पर उनकी नौकरी जा सकती है।
शुक्रवार को मंत्री ने राघोपुर-काजीकौरैया तटबंध का निरीक्षण किया और कटाव प्रभावित क्षेत्र में चल रहे बचाव कार्य का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कटाव रोकने के लिए युद्धस्तर पर जियो बैग लगाने का कार्य किया जाए। अगले दो दिनों में लगभग 25,000 जियो बैग लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही, बड़े आकार के मेगा जियो बैग भी लगाए जाएंगे ताकि कटाव पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि बचाव कार्य में कोताही पाई गई, तो न केवल कार्रवाई की जाएगी, बल्कि पूरे कार्य और संबंधित अधिकारियों की जांच भी कराई जाएगी।
नदी का रुख बदलने से विशेषज्ञों से सलाह लेने पर जोर
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि नदी का रुख बदल गया है, जिससे प्रभावित क्षेत्र में तेजी से सिल्ट जमा हो रही है।
इस स्थिति को देखते हुए तकनीकी विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार बचाव कार्य को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने कहा कि सभी एजेंसियों को समन्वय के साथ 24 घंटे काम करना होगा। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मशीनरी, जियो बैग और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री से तटबंध को मजबूत करने की गुहार लगाई ताकि बाढ़ के दौरान राघोपुर गांव को बचाया जा सके।
ठोस कार्य न करने के कारण बांध ध्वस्त हो रहा है। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार, मुख्य अभियंता जयप्रकाश पासवान और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- पीएम सूर्य घर योजना में ढिलाई बरतने वाले वेंडर्स पर गिरेगी गाज, बिहार में ऊर्जा सचिव ने दी चेतावनी