भागलपुर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगेगी लगाम, नगर निगम ने जयपुर की संस्था को सौंपा नसबंदी का काम
भागलपुर नगर निगम ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए जयपुर की संस्था संतुलन जीव कल्याण का चयन किया है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भागलपुर नगर निगम ने आवारा कुत्तों पर नियंत्रण का कदम उठाया।
जयपुर की संस्था संतुलन जीव कल्याण को मिला नसबंदी का कार्य।
प्रति कुत्ते 1,610 रुपये में होगा बंध्याकरण और टीकाकरण।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए नगर निगम ने अहम कदम उठाया है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद जयपुर की संस्था संतुलन जीव कल्याण का चयन न्यूनतम दर (एल-1) के आधार पर किया गया है। अब संस्था के साथ जल्द ही नगर निगम का एग्रीमेंट होगा, जिसके बाद आवारा कुत्तों के बंध्याकरण (नसबंदी) और टीकाकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
नगर निगम के अनुसार चयनित संस्था को प्रत्येक आवारा कुत्ते के पकड़ने, नसबंदी, उपचार, टीकाकरण और नियमानुसार वापस छोड़ने के लिए 1,610 रुपये प्रति कुत्ता का भुगतान किया जाएगा। इससे शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है।
एग्रीमेंट से पहले नगर निगम ने चयनित संस्था को टेंडर की शर्तों के अनुरूप 5.37 लाख रुपये की बैंक गारंटी जमा करने का निर्देश दिया है। संस्था को एक सप्ताह के भीतर यह राशि जमा करनी होगी। बैंक गारंटी जमा होने के बाद एग्रीमेंट की औपचारिकताएं पूरी कर कार्यादेश जारी किया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पशु कल्याण से जुड़े निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप होगी। अभियान शुरू होने के बाद शहर के विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से आवारा कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी और आवश्यक टीकाकरण कराया जाएगा।