Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शादी से मुकरा सिपाही प्रेमी, 250 KM दूर ड्यूटी पर पहुंची गर्लफ्रेंड; औरंगाबाद में मंदिर में लिए सात फेरे

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 12:21 AM (IST)

    प्रेमी सिपाही द्वारा शादी के वादे से मुकरने पर प्रेमिका 250 किमी दूर अंबा पहुंची। पुलिस हस्तक्षेप और परिजनों की सहमति से सतबहिनी मंदिर में दोनों का वि ...और पढ़ें

    मंदिर में कराई गई शादी। (जागरण)

    मंदिर में कराई गई शादी। (जागरण)

    HighLights

    1. प्रेमिका 250 किमी दूर अंबा पहुंची प्रेमी सिपाही से शादी करने।

    2. पुलिस हस्तक्षेप के बाद दोनों परिवारों की सहमति से हुआ विवाह।

    3. सतबहिनी मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई प्रेम विवाह।

    संवाद सूत्र, अंबा (औरंगाबाद)। शादी के वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए समस्तीपुर जिले की एक युवती शनिवार को करीब 250 किलोमीटर दूर अंबा पहुंच गई।

    युवती सीधे एरका चेक पोस्ट पहुंची, जहां उसका प्रेमी बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है। प्रेमी से शादी की मांग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।

    सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अंबा थाना ले आई। बाद में स्वजन को बुलाया गया, जहां दोनों की सहमति से सतबहिनी मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करा दिया गया।

    पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के असिमपुर गांव निवासी शिक्षक हरिओम प्रसाद के पुत्र अंकेश कुमार बिहार पुलिस में सिपाही हैं और वर्तमान में अंबा स्थित उत्पाद विभाग के एरका चेक पोस्ट पर उनकी ड्यूटी है।

    वहीं, दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के चकबहाउद्दीन गांव निवासी मोहित दास की पुत्री पूजा कुमारी से उनका प्रेम संबंध बताया जाता है।

    बताया जाता है कि दोनों की मुलाकात स्कूल के दिनों में हुई थी। एक ही विद्यालय में पढ़ाई के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई।

    पूजा के अनुसार, अंकेश ने उससे शादी का वादा किया था और दोनों के बीच लंबे समय तक बातचीत और मुलाकात का सिलसिला जारी रहा।

    करीब तीन वर्ष पहले अंकेश का चयन बिहार पुलिस में हो गया, जिसके बाद वह नौकरी पर चला गया। हालांकि, दोनों के बीच संपर्क बना रहा। इधर, पूजा के घरवाले उसकी शादी के लिए रिश्ता देखने लगे। जब पूजा ने अंकेश से शादी की बात कही तो वह कथित तौर पर टालमटोल करने लगा।

    बिना बताए पहुंची अंबा

    इसी बीच पूजा को जानकारी मिली कि अंकेश की शादी कहीं और तय कर दी गई है। इसकी जानकारी मिलते ही पूजा बिना स्वजन को बताए अंबा पहुंच गई। उसे अंकेश की ड्यूटी के बारे में जानकारी थी। चेक पोस्ट पर पहुंचकर उसने शादी की मांग की, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया।

    खबरें और भी

    स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद दोनों को थाने लाया गया। अंबा थाना में पुलिस ने दोनों पक्षों के स्वजन को बुलाया।

    थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से विवाह करना चाहते थे। स्वजन की मौजूदगी में दोनों का विवाह सतबहिनी मंदिर में कराया गया। विवाह के बाद दोनों अपने-अपने स्वजन के साथ चले गए।

    यह भी पढ़ें- 'सवर्ण हूं इसलिए उखड़वाते हैं घास', जमुई में सिंचाई कर्मी ने अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप; Video वायरल