पाकिस्तान में प्रसिद्ध बलूच लोक गायिका माई सुभाई बुगती की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डेरा बुगती में प्रसिद्ध बलूच लोक गायिका माई सुभाई बुगती की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

बलूच लोक गायिका माई सुभाई बुगती की गोली मारकर हत्या।
HighLights
बलूचिस्तान के डेरा बुगती में लोक गायिका माई सुभाई बुगती की हत्या।
अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर मौके पर ही हत्या की।
यह घटना पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को उजागर करती है।
डिजिटल डेस्क, क्वेटा। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के डेरा बुगती में एक बलूच महिला लोक गायिका की गोली मारकर हत्या कर दी गई। माई सुभाई बुगती, बुगती जनजाति की शुरुआती महिला गायिकाओं में से एक थीं।
पुलिस के अनुसार, बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने डेरा बुगती के बाहरी इलाके में उनपर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। गायिका को कई गोलियां लगीं और मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शव अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि डेरा बुगती में पहली बार किसी महिला गायिका को निशाना बनाया गया है। हत्या के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है।
यह घटना एक बार फिर पाकिस्तान में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को उजागर करती है। पिछले महीने, तक्षशिला में 13 लाख से अधिक फालोअर्स वाली 28 वर्षीय कंटेंट क्रिएटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
वहीं पीटीआई के अनुसार, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अल्पसंख्यक अहमदी समुदाय के एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसके धर्म के कारण गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना बुधवार को मंडी बहाउद्दीन जिले में हुई।
एफआईआर के अनुसार, कामरान सफदर ने पुलिस को बताया कि उनके पिता मिर्जा सफदर महमूद अपनी आटो-वर्कशाप से नमाज पढ़ने के लिए निकले थे, तभी अज्ञात बंदूकधारी ने मस्जिद के बाहर उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)
