राजनाथ सिंह श्रीलंका पहुंचे, 38 साल में किसी भारतीय रक्षा मंत्री का पहला दौरा; रक्षा संबंध होंगे मजबूत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिन के दौरे पर श्रीलंका पहुंचे, जो 38 वर्षों में किसी भारतीय रक्षा मंत्री का पहला दौरा है।

राजनाथ सिंह श्रीलंका पहुंचे, 38 साल में किसी भारतीय रक्षा मंत्री का पहला दौरा
HighLights
यात्रा का उद्देश्य समुद्री और रक्षा संबंधों को मजबूत करना
भारत और श्रीलंका तीन द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे
पीटीआई, कोलंबो। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिन के दौरे पर श्रीलंका पहुंचे, जो 38 वर्षों में किसी भारतीय रक्षा मंत्री का पहला दौरा है। इस दौरान वे श्रीलंका के शीर्ष नेताओं के साथ बातचीत करेंगे, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना और रक्षा व समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।
राजनाथ सिंह ने कहा, "हमारी पुरानी साझेदारी और गहरे ऐतिहासिक व सांस्कृतिक संबंधों के अलावा, श्रीलंका नेबरहुड फर्स्ट और महासागर पहलों के तहत हमारे सबसे महत्वपूर्ण साझेदारों में से एक है।"
राजनाथ सिंह का स्वागत भंडारनायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर श्रीलंका के रक्षा उप-मंत्री मेजर जनरल (रिटायर्ड) अरुणा जयसेकरा और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने किया।
रक्षा मंत्री एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें रक्षा और विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। वे श्रीलंका के नेताओं के साथ कई मुद्दों पर बातचीत करेंगे, जिसमें मजबूत समुद्री और रक्षा साझेदारी भी शामिल है।
श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने कहा कि सिंह की यात्रा के दौरान भारत और श्रीलंका तीन द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे, जिनमें से एक हवाई रक्षा सहयोग से संबंधित है।
बाकी दो समझौतों में संयुक्त प्रशिक्षण और इंस्ट्रक्टर प्रोग्राम को बढ़ावा देने के लिए दोनों देशों के नेशनल कैडेट कोर और नेशनल डिफेंस कालेजों के बीच आदान-प्रदान शामिल है।
