विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भूल गया कि नीदरलैंड में हूं, लगा भारत में ही कहीं कोई फेस्टिवल', हेग में भारतीय समुदाय के बीच बोले पीएम मोदी

Published: Sat, 16 May 2026 02:14 PM (IST)Updated: Sat, 16 May 2026 02:25 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे ...और पढ़ें

हेग में लगा भारत जैसा माहौल- पीएम मोदी (स्क्रीनग्रैब)

हेग में लगा भारत जैसा माहौल- पीएम मोदी (स्क्रीनग्रैब)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 देशों के दौरे पर हैं, यूएई के बाद वह नीदरलैंड पहुंच गए हैं। यहां हेग में पीएम मोदी ने भारतीय समुदायों को संबोधित करते कहा कि इतना प्यार और उत्साह... सच कहूं तो कुछ देर के लिए मैं भूल ही गया था कि मैं नीदरलैंड में हूं। ऐसे लग रहा है कि जैसे भारत में ही कहीं कोई फेस्टिवल चल रहा है।

पीएम मोदी ने कहा नीदरलैंड आकर भारत जैसा महसूस हो रहा है। नीदरलैंड की प्रगति में भारतीयों का भी योगदान है। आप नीदरलैंड के समाज और यहां की इकोनॉमी में जो योगदार कर रहे हैं उस पर हर भारतवासी को गर्व है।

मैं आज इस अवसर पर नीदरलैंड की जनता और सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। मैं यहां की जनता को 140 करोड़ भारतवासियों की तरफ से अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

समुद्र पार भी भारतीयों की पहचान जीवंत

मैं यहां रहने वाले भारतीय समुदाय से अच्छी तरह परिचित हूं। यहां बसे कई परिवारों की कहानियां केवल प्रवास की कहानियां नहीं हैं। ये अनगिनत संघर्षों के बीच हुई प्रगति की कहानियां हैं। उन दिनों, कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि समुद्र पार करने के बाद भी भारतीयों की पहचान इतनी जीवंत बनी रहेगी।

मानवता का इतिहास साक्षी है कि समय के साथ अनेक संस्कृतियां मिट गईं। लेकिन भारत की पारंपरिक संस्कृति आज भी अपने लोगों के दिलों में धड़कता है। पीढ़ियां बदल गई, देश बदल गए, परिवेश बदल गए... लेकिन परिवार के संस्कार नहीं बदले हैं, अपनापन नहीं बदला। क्योंकि आपने अपने पुरखों की भाषा को छोड़ा नहीं।

आपने डच भाषा अपना ली, लेकिन अपने पूर्वजों की भाषाओं को भी नहीं छोड़ा। हमारे कम्युनिटी रेडियो स्टेशन यहाँ बहुत लोकप्रिय हैं। इनके माध्यम से, भारतीय संगीत और संस्कृति डच परिवारों तक भी पहुंच रही है।

2016 में आज ही के दिन आए थे लोकसभा के नतीजे

पीएम मोदी ने कहा कि आज 16 मई है, और ये दिन एक और वजह से बहुत विशेष है। आज से 12 वर्ष पहले 16 मई 2014 को कुछ खास हुआ था। 2014 में आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद भारत में स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार का बनना पक्का हुआ था। एक वो दिन था और एक आज का दिन है। कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।

13 वर्ष मुख्यमंत्री के रूप में... 12 वर्ष प्रधानमंत्री का सेवाकाल... लोकतांत्रिक दुनिया में 25 वर्षों तक... करोड़ों-करोड़ वोटर्स का लगातार समर्थन... ये मेरे लिए बहुत ही बड़े सौभाग्य की बात है। मेरे लिए ये सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है... ये आपका आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है।

आपका कल्याण ही मेरा कल्याण

पीएम मोदी ने आगे कहा क मैं बहुत छोटी आयु में ही देशभक्ति के रंग में रंग गया। आप ही मेरे परिवार बन गए। अहम् से वयम् का रास्ता चुन लिया। फिर आपका सुख ही मेरा सुख बन गया और आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य बन गया।

पीएम मोदी ने हेग में भारतीय समुदायों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारा भारत बहुत बड़ा सपना देख रहा है। आज देश कह रहा है- हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं चाहिए, हमें बेस्ट चाहिए, हमें फास्टेस्ट चाहिए।इसलिए जब भारत में असीमित आकांक्षाएं हैं, तो प्रयास भी असीमित हो रहे हैं।